केदारनाथ विवाद- मंदिर प्रबंधन ने बताया वायरल वीडियो का सच, जानें गर्भगृह में कितना लगा है सोना

देहरादून. केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में लगे सोने को लेकर जारी विवाद के बीच मंदिर प्रबंधन की ओर से एक प्रेस रिलीज जारी किया गया है जिसमें भ्रामक खबरों का खंडन किया गया है. मंदिर के कार्याधिकारी द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि श्री केदारनाथ मंदिर के गर्भ गृह के दीवारों एवं जलेरी को स्वर्णमंडित करवाने के लिए 2022 में एक दानीदाता के सौजन्य से कराया गया था लेकिन वर्तमान में कतिपय व्यक्तियों द्वारा एक सोशल मीडिया में वीडियो प्रसारित किया जा रहा है.

इस वीडियो में कहा जा रहा है कि एक अरब 15 करोड़ रुपये मूल्य का सोना मंदिर के गर्भ गृह में लगाया गया है तथा बिना तथ्यों के भ्रामक जानकारी प्रसारित कर जनमानस की भावनाओं को आहत किए जाने का प्रयास किया जा रहा है. इस संबंध में मंदिर प्रबंधन ने अपना मंतव्य देते हुए कहा कि बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति स्पष्ट करना चाहती है कि केदारनाथ मंदिर के गर्भ गृह में एक दानीदाता के सौजन्य से कुल 23 किलो 777 ग्राम सोना लगाया गया है जिसका वर्तमान मूल्य बाजार में करीब 14.38 करोड़ रुपए है वहीं स्वर्ण मंडित कार्य हेतु कॉपर प्लेट का वजन 1001 किलो है जिसका बाजार मूल्य 39 लाख रुपए है.

इस पत्र के साथ ही बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने सोशल मीडिया में प्रसारित की जाने वाली खबरों का खंडन किया है साथ ही ऐसा करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की भी चेतावनी दी है. मालूम हो कि केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों ने सोने की परत जड़ित प्लेटों पर सवाल खड़े किए थे और आरोप लगाया था कि गर्भगृह में लगाया गया सोना, पीतल में बदल गया है.

पूरे मामले को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें आरोप लगाया जा रहा है कि केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में लगाया गया सोना, पीतल में बदल गया है.  गर्भ गृह में सोने की परत लगाने के नाम पर सवा अरब रुपये का घोटाला किया गया है.

Tags: Kedarnath Temple

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More