
हाइलाइट्स
बीमा सुगम बाजार में आने के बाद किसी ई कॉमर्स मंच की तरह ऑनलाइन बीमा बाजार के तौर पर काम करेगा.
पॉलिसी से जुड़ीं सभी जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध होने से दावा निपटान अनुभव में भी सुधार होगा.
इरडा एक अन्य महत्वाकांक्षी परियोजना ‘हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज’ को लागू करने पर भी जोर दे रहा है.
नई दिल्ली. किफायती बीमा सुविधा ‘बीमा सुगम’ (Bima Sugam) के अगस्त तक शुरू होने की संभावना कम हो गई है क्योंकि बीमा नियामक इरडा इसे अधिक कारगर बनाने के लिए इसमें कुछ संशोधन कर रहा है. बीमा सुगम बाजार में आने के बाद किसी ई कॉमर्स मंच की तरह ऑनलाइन बीमा बाजार के तौर पर काम करेगा. इसके माध्यम से बीमा जारीकर्ता के पास अपने उत्पादों की पेशकश करने और उन्हें बेचने का अवसर होगा. इसके साथ ग्राहक एक ही स्थान पर बीमा योजनाएं खरीद सकेंगे या उनका नवीनीकरण करा सकेंगे, अपना दावा पेश कर सकेंगे और अन्य संबंधित सेवाएं भी ले सकेंगे.
भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के चेयरमैन देबाशीष पांडा ने बीमा सुगम परियोजना को नया रूप देने और इसे एक अगस्त से शुरू करने के लिए पिछले महीने मुंबई में कुछ प्रमुख बीमा कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की थी. इरडा एक अन्य महत्वाकांक्षी परियोजना ‘हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज’ को लागू करने पर भी जोर दे रहा है.
तारीख की नहीं की घोषणा
पांडा ने शुक्रवार को यहां इंश्योरेंस ब्रोकर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईबीएआई) के वार्षिक सम्मेलन में संवाददाताओं से बीमा सुगम की शुरुआत की प्रस्तावित तारीख बताने में असमर्थता जताई. उन्होंने कहा कि यह बहुत जटिल मंच है और यह उत्पाद भी जटिल है लिहाजा कोई निश्चित तारीख बता पाना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि हम इस मंच और उत्पाद को जितना संभव हो उतना ज्यादा खामियों से रहित बनाने के लिए काम कर रहे हैं.
जहां प्रस्तावित हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज को जल्द पूरा करने को लेकर बीमा कंपनियों से चर्चा हुई है वहीं बीमा सुगम योजना को चुनिंदा जीवन बीमा और गैर जीवन बीमा कंपनियों के साथ मिलकर अंतिम रूप दिया गया है. हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण तैयार कर रहा है.
क्या है बीमा सुगम?
यह एक प्रकार का ई कॉमर्स मंच है. इस डायरेक्ट टू कस्टमर (डी2सी) मंच पर बीमा कंपनियां अपने उत्पाद बेच सकेंगी. इस पर पॉलिसी खरीदने, नवीनीकरण कराने, दावा निपटान और एजेंट पोर्टेबिलिटी सहित सभी तरह की सेवाएं उपलब्ध होंगी. इस मंच पर पॉलिसी खरीदने पर उसकी सॉफ्ट कॉपी इलेक्ट्रॉनिक इंश्योरेंस अकाउंट के जरिये ग्राहक तक पहुंच जाएगी. खास बात है कि पॉलिसी से जुड़ीं सभी जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध होने से दावा निपटान अनुभव में भी सुधार होगा.
.
Tags: General Insurance Company, Insurance Company, Insurance Policy
FIRST PUBLISHED : June 16, 2023, 16:46 IST






