अंडे को लेकर गाने बन चुके हैं, रोज खाने की सलाह देने वाले विज्ञापन भी बन चुके हैं और लोग भी बड़े शौक से उसे खाते हैं. मुर्गी का अंडा ज्यादा महंगा नहीं मिलता है. आजकल आपको आसानी 5-6 रुपये में एक अंडा मिल जाएगा जिसे लोग या तो उबालकर खाना पसंद करते हैं या फिर उसकी करी बनाकर खा लेते हैं. अंडे के फायदे तो बहुत हैं, पर सोचिए कि अगर कोई अंडा हजारों रुपये का एक पीस मिले, तो क्या लोग उसे खाएंगे या फिर सिर्फ शोरूम में सजाकर रख देंगे. इन दिनों एक अंडा (Perfect Round Egg) काफी चर्चा में है जिसे करोड़ों में से एक (One-in-a-billion round egg) बताया जा रहा है.
इस बेहद दुर्लभ अंडे की खोज ऑस्ट्रेलिया (Australia round egg found) में हुई है, वो भी सिर्फ किस्मत से. दरअसल, ये अंडा सुपरमार्केट में अचानक ही मिल गया. पर इसमें ऐसा क्या खास है कि इसे करोड़ों में से एक अंडा बताया जा रहा है? आपने अंडों का आकार देखा होगा. उसी आकार को देखकर अंडाकर शेप को पहचाना जाता है. पर जब अंडा ही अंडाकार ना हो, तो उसके चर्चे होने तो बनते हैं. ऐसा ही कुछ इस अंडे के साथ भी हुआ है. जिस अंडे की हम बात कर रहे हैं, वो अंडाकार नहीं है. ये अंडा गोल है. ऐसे अंडे करोड़ों में एक बार दिखाई देते हैं.
ऐसे अंडों को करोड़ों में से एक बताया जाता है. (फोटो: Instagram/jacquifelgate)
मिला गोल अंडा
पत्रकार जैकलीन फेलगेट ने सोशल मीडिया पर इस अंडे की तस्वीर पोस्ट की है. रिपोर्ट्स के अनुसार ये अंडा ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक सुपरमार्केट से मिला था. जैकलीन के पोस्ट से ये तो नहीं पता चल पा रहा है कि अंडा उन्हीं ने खरीदा था या किसी और ने पर वो भी इसे देखकर हैरान हुईं. उन्होंने पोस्ट में लिखा- “एक फॉलोअर की तरफ से है, ये अंडा मेरा नहीं है. ये इतना रैंडम है, पर मैंने सोचा कि इस कमाल के अंडे को मैं शेयर करूंगी. हमारे अंडों के कार्टन में मुझे एक राउंड एग मिला. गूगल करने पर पता चला कि करोड़ों में से एक बार ही कोई गोल अंडा बनता है. इससे पहले जो गोल अंडा मिला था, उसे 78 हजार रुपयों में बेचा गया था.”
पोस्ट पर लोगों ने किया कमेंट
उनके इस पोस्ट को देखकर लोगों ने कमेंट किए हैं. एक ने कहा कि फोटो देखकर ऐसा लग रहा है जैसे वो चॉकलेट में डूबी गेंद है. जबकि एक ने कहा कि आखिर कौन अंडे पर 78 हजार रुपये खर्च कर सकता है. एक ने कहा कि उसके पास भी गोल अंडा था जिसे उसने खा किया क्योंकि उसे नहीं पता था कि वो इतने में बिक सकता है. एक को भी ये बात जानकर हैरानी हुई कि अंडे इतने महंगे भी बिक सकते हैं, इसलिए उसने कहा कि अगली बार अगर उसके पास ऐसा अंडा आया तो वो भी बेच देगी.
.
Tags: Ajab Gajab news, Trending news, Weird news
FIRST PUBLISHED : June 16, 2023, 14:47 IST






