Weather Today: 22 जून के बाद बिहार में भारी बारिश! नक्षत्रों के हिसाब से जानें देश में इस बार मानसून का हाल

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आशीष कुमार/पश्चिम चम्पारण. भीषण गर्मी से निजात के लिए हम सबको मानसून का बेसब्री से इंतजार है. मौसम वैज्ञानिकों ने भी मानसून को लेकर पूरी जानकारी साझा कर दी है, लेकिन आज हम आपको वैज्ञानिक दृष्टिकोण नहीं बल्कि ग्रह नक्षत्रों के आधार पर मानसून की पूरी जानकारी देने जा रहे हैं. शुक्ल पक्ष के शुरू होते ही मानसून के आगमन के अच्छे लक्षण दिखाई देने लगेंगे. जून के आखिरी सप्ताह के आसपास से अच्छी वर्षा का प्रबल ग्रह योग है. ऐसा कहना है पश्चिम चम्पारण जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित राधाकांत शास्त्री का. उनकी गणना के अनुसार, 6 से 12 जुलाई के आसन्न शुक्र मंगल की युति अच्छी वर्षा कराएगी. कुल मिलाकर जुलाई, अगस्त और सितम्बर में बिहार में अच्छी बारिश होने का ग्रह योग बन रहा है.

पश्चिम चम्पारण जिले के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित राधाकांत शास्त्री के अनुसार, 22 जून को रात्रि 1 बजकर 27 मिनट पर सूर्य आर्द्रा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और चंद्रमा जल राशि कर्क में रहेंगे. चंद्रमा के केंद्र में जलीय ग्रह गुरु और शुक्र का होना भीषण गर्मी में कमी तथा अच्छी वर्षा की शुरुआत होने का योग बना रहा है. भारतीय ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जून से सितंबर महीने के बीच 83 फीसदी बारिश होने की संभावना है. ऐसे में धान की खेती करने वाले किसानों को बारिश से पर्याप्त पानी मिलता रहेगा.

दिल्ली सहित कई राज्यों में अच्छी वर्षा के योग
ज्योतिषाचार्य पंडित राधाकांत शास्त्री ने बताया कि दिल्ली के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी 2 या 3 जुलाई तक अच्छी वर्षा होने के ग्रह संकेत हैं. इस बीच मुंबई, रायपुर, नागपुर, भोपाल और कोलकाता आदि शहरों में सामान्य से अधिक वर्षा के आसार नजर आ रहे हैं. जबकि सितंबर में मंगल, कन्या राशि में सूर्य से आगे गोचर कर रहे होंगे. भविष्यफल भास्कर की मानें तो सूर्य से आगे मंगल के गोचर करने के समय वर्षा में बाधा आ सकती है. ऐसे में सितंबर में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना आदि क्षत्रों में वर्षा में कुछ कमी आ सकती है.

अधिक मास में कम बारिश
बकौल राधाकांत शास्त्री, जुलाई के दूसरे पखवाड़े में मंगल और शुक्र की कर्क राशि में बन रही युति अच्छी वर्षा का कारण बनेगी. 22 जून के बाद से बिहार में अच्छी बरसात होने के योग बन रहे हैं. वहीं, 18 जुलाई से 16 अगस्त के बीच अधिक मास होने की वजह से कुछ जगहों पर बरसात में कुछ बाधा आ सकती है. अधिक मास की इस अवधि में दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सामान्य से कम वर्षा होने के संकेत हैं.

पहाड़ी इलाकों में कम बर्फबारी
ज्योतिषाचार्य पंडित राधाकांत शास्त्री ने बताया कि इस बार देश के पहाड़ी इलाकों में सामान्य से कम बर्फबारी होने के ग्रह संकेत हैं. सामान्य से कम बर्फबारी, बेहतर मौसम का कारण बनेगा. गोवा, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार और तमिलनाडु सहित अधिकांश राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है. वहीं, मेघालय, मणिपुर, आसाम और अरुणाचल प्रदेश में भी जरूरत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है.

Tags: Bihar weather, IMD forecast, Local18, Weather Alert, Weather news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें