23 दिनों से लापता व्यक्ति का खेत में मिला कंकाल, लकड़ी काटने गया तो नहीं लौटा था घर


लखेश्वर यादव/जांजगीर चांपा: जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोगदा गांव के खेत में नर कंकाल मिला है. जिसकी पहचान संतु मरावी उम्र 45 वर्ष के रूप में की गई है. संतु केसके प्लांट का कर्मचारी था. वह घर से लकड़ी काटने के लिए निकाला था, जिसके बाद घर वापस नहीं लौटा. 23 दिनों बाद मृतक संतु मरावी का कंकाल खेत में मिला है.

अकलतरा थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि खेत की तरफ काम करने गए लोगों ने देखा की एक नर कंकाल पड़ा हुआ है, जिसका केवल सिर दिख रहा है. बाकी शरीर का हिस्सा नहीं है. पुलिस मौके पर पहुंची तो नर कंकाल के पास से कुछ दस्तावेज एटीएम और फोटो भी मिले हैं, जो लापता संतु मरावी के थे.

गौरतलब है कि 26 मई 2023 को परिजन के द्वारा अकलतरा थाने में संतु मरावी की गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसकी तलाश जारी थी. संतु की मौत कैसे हुई है, इसकी जांच पुलिस कर रही है. मृतक के कंकाल को DNA जांच के लिए बिलासपुर सिम्स भेजा जा रहा है. पुलिस को मृतक संतु मरावी का केवल सिर का कंकाल मिला है. शरीर के अन्य हिस्सों की आसपास तलाश की जा रही है.

परिजनों ने की पहचान
परिजनों ने बताया कि संतु केएसके प्लांट का कर्मचारी था. वह ड्यूटी खत्म कर घर आया. जिसके बाद दूसरे दिन 26 मई की सुबह घर से लकड़ी काटने जा रहा हूं बोलकर निकाला. देर शाम जब घर वापस नहीं पहुंचा तो परिजनों ने आसपास के गांवों में तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. जिसके बाद गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. परिजनों ने ही नर कंकाल के पास मिले फोटो, एटीएम कार्ड, काले रंग का पेंट, नीले रंग की शर्ट और कुल्हाड़ी से पहचान की.

Tags: Chhattisgarh news, Crime News, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More