हाइलाइट्स
आचार्य बालकृष्ण की नेटवर्थ 29,587 करोड़ रुपये की है.
फोर्ब्स की बिलियनेयर लिस्ट में उनका नाम है.
पतंजलि के 94 प्रतिशत शेयर्स आचार्य बालकृष्ण के पास हैं.
नई दिल्ली. पतंजलि आयुर्वेद. ये नाम सुनते ही योग गुरु रामदेव का चेहरा दिमाग में आता है. लेकिन रामदेव पतंजलि का चेहरा हैं, असल में इसे चलाते हैं आचार्य बालकृष्ण. फोर्ब्स की बिलियनेयर लिस्ट के मुताबिक, 15 जून, 2023 को उनकी कुल नेटवर्थ लगभग 3.6 अरब डॉलर यानी लगभग 29,587 करोड़ रुपये आंकी गई है. दुनिया की बिलियनेयर लिस्ट में उनकी रैंक 810 है.
आज से 20 साल पहले कोई कहता कि योग और आयुर्वेद से बिलियनेयर बना जा सकता है तो ये असंभव सा लगता. पर आज पतंजलि आयुर्वेद के चेयरमैन आचार्य बालकृष्ण की नेटवर्थ बताती है कि कुछ भी असंभव नहीं है.
ये भी पढ़ें- कोविड में नौकरी गई, ऑर्डर देने 3 km पैदल चला भूखा स्विगी एजेंट, फिर बदला लक!
आचार्य बालकृष्ण की कहानी क्या है?
1972 में हरिद्वार में जन्मे आचार्य बालकृष्ण की मुलाकात रामदेव से तब हुई जब वो हरियाणा में खानपुर गुरुकुल में पढ़ाई कर रहे थे. 1995 में रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और आचार्य करमवीर ने मिलकर दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट शुरू किया. ये ट्रस्ट हरिद्वार के कृपालु बाग आश्रम में शुरू हुआ. ट्रस्ट ने योग की शिक्षा देना शुरू किया. रामदेव की पहचान एक बेहतरीन योगगुरू के रूप में बनी. देश और दुनिया के कोने-कोने से लोग रामदेव से योग सीखने आने लगे. उनका योग कार्यक्रम टीवी पर सुबह-सुबह आता और लाखों लोग टीवी के सामने बैठकर योग का अभ्यास करते.
फोर्ब्स के रियलटाइम नेटवर्थ के मुताबिक, आचार्य बालकृष्ण दुनिया के 810वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं. फोटो- (ऊपर) फोर्ब्स, (नीचे) मनी कंट्रोल.
साल 2006 में रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और आचार्य करमवीर ने पतंजलि आयुर्वेद शुरू किया है. इसके लिए योगगुरु राम देव के दो श्रद्धालुओं सुनिता और श्रवण पोद्दार ने लोन दिया था. पतंजलि आयुर्वेद आयुर्वेदिक दवाएं, इम्युनिटी बूस्टर्स, पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स बनाती है. इसके साथ ही कंपनी ने कुछ समय पहले फैशन और क्लोदिंग के बिजनेस में भी कदम रखा है. पतंजलि आयुर्वेद ने साल 2019 में रुचि सोया को एक्वायर किया था. रुचि सोया का नाम बाद में पतंजलि फूड्स हुआ. पतंजलि फूड्स के अंतर्गत स्नैक्स, ग्रोसरी आइटम्स और बेवरेजेस बनाए जाते हैं.
आपको बता दें पतंजलि में रामदेव का कोई स्टेक नहीं है. जबकि आचार्य बालकृष्ण के पास कंपनी के 94 प्रतिशत शेयर्स हैं. इसके बाद भी बालकृष्ण कोई सैलरी नहीं लेते हैं और हर दिन 15 घंटे काम करते हैं. फोर्ब्स की वेबसाइट के मुताबिक, आचार्य बालकृष्ण का मानना है कि पैसों का इस्तेमाल लोगों की सेवा के लिए होना चाहिए, न कि खुद की सेवा के लिए.
कितना है पतंजलि का टर्नओवर
पतंजलि का सालाना टर्नओवर 40 हजार करोड़ के करीब है. रामदेव ने सितंबर, 2022 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये जानकारी दी थी. उन्होंने कहा था कंपनी का टारगेट पांच साल में कंपनी के टर्नओवर को दोगुने से ज्यादा करना है.
.
Tags: Acharya balakrishna, Business news in hindi, Forbes, Patanjali, Patanjali Ayurved Limited, Patanjali Ruchi Soya
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 16:23 IST






