ACP पिता की मॉडल बेटी ने फिर बढ़ाया हरियाणा का मान, मुंबई में मिला यह अवार्ड

नितिन आंतिल/सोनीपत: हरियाणा की बेटी एंजेलिना राणा ने फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है. मुंबई में मिस टीन यूनिवर्स-2021 का खिताब जीतने वाली गन्नौर निवासी एंजेलिना राणा को अब दादा साहेब फाल्के टेलीविजन अवॉर्ड-2023 से नवाजा गया है. यह अवॉर्ड मुंबई में आयोजित समारोह में मिला. एंजेलिना राणा गन्नौर के एसीपी गोरखपाल राणा की बेटी हैं. दादा साहेब फाल्के इंडियन टेलीविजन अवॉर्ड हासिल करने वाली एंजेलिना प्रदेश की पहली लड़की हैं. लाडली की सफलता पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है.

एंजेलिना राणा ने बताया कि वर्ष 2021 में यू-ट्यूब पर मिस टीन यूनिवर्स प्रतियोगिता के बारे में जानकारी जुटाई थी. जिसके बाद बिना किसी विशेषज्ञ की मदद लिए घर पर ही रैंप वॉक की तैयारी शुरू कर दी. इसके बाद अगस्त, 2021 के पहले सप्ताह में मिस टीन के लिए आवेदन कर दिया, जिसमें एंजेलिना राणा समेत देशभर की 30 प्रतिभागियों का चयन हुआ. 31 अगस्त को मुंबई में प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले हुआ, जिसमें उन्हें मिस टीन यूनिवर्स 2021 के खिताब से नवाजा गया.

बेटियों को आगे बढ़ाएं लोग
एंजेलिना राणा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता को दिया. बताया कि वह अपने पिता को अपना रोल मॉडल मानती हैं. पिता से प्रेरणा लेकर वह इस मुकाम तक पहुंची हैं. एंजेलिना ने बताया कि उनके पिता लड़का-लड़की में कोई फर्क नहीं समझते. जिस वजह से वह आगे बढ़ीं और मुकाम हासिल किया. एंजेलिना ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि सभी अपनी बेटियों को शिक्षित करें और आगे बढ़ने में उनकी मदद करें.

पिता का मिल रहा सपोर्ट
मूलरूप से अंबाला के गांव बब्याल निवासी एंजेलिना ने बताया कि उनका सपना मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने का है, जिसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रही हैं. बताया कि मेरे इस सपने को पूरा करने में पिता हर कदम पर पूरा साथ दे रहे हैं.

Tags: Haryana news, Local18, Sonipat news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More