लालू के अंदाज में बेटे तेजस्वी यादव ने खाया पान फिर चौरसिया समाज के लिए कर दी बड़ी घोषणा, जानें पूरा मामला

पटना. बिहार के राजनेताओं के लिये पान की हमेशा से अहमियत रही है. बात चाहे लालू प्रसाद की हो या फिर उनके बेटे तेजस्वी यादव की. अपने पिता लालू प्रसाद यादव की तरह ही बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी पान के बड़े शौकीन हैं. गुरुवार को पटना में तेजस्वी यादव ने पान खाया और चौरसिया समाज के लोगों के लिए बड़ा ऐलान भी कर दिया. मुख्यमंत्री रहते हुए लालू प्रसाद यादव अक्सर पटना के मौर्य कंपलेक्स और डाक बंगला चौराहे पर पान खाने जाया करते थे.

लालू प्रसाद यादव के पान की दीवानगी इतनी थी कि वे जिस रास्ते से गुजरते थे वहां के फेमस पान दुकान वाले उनके लिए पहले से ही पान तैयार रखते थे. लालू यादव की पान की दीवानगी अब उनके पुत्र तेजस्वी यादव पर भी दिखती है. उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी जब कभी पटना के मौर्य कंपलेक्स पहुंचते हैं तो वहां राजधानी पान भंडार में बिना पान खाए वह वापस नहीं लौटते हैं. गुरुवार को भी अपने पासपोर्ट वेरिफिकेशन कराने मौर्य कंपलेक्स पहुंचते ही तेजस्वी यादव राजधानी पान दुकान पहुंचे जहां पहले उन्होंने पान खाया और उसके बाद चौरसिया समाज के लिए बड़ी घोषणा कर दी.

तेजस्वी ने कहा कि यह पान दुकान काफी पुराना है और चौरसिया समाज के लिए सरकार विशेष पहल करने जा रहे हैं. डिप्टी सीएम ने कहा कि कृषि विभाग के द्वारा बिदुपुर में चौरसिया समाज के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तैयार किया जा रहा है. पासपोर्ट वेरिफिकेशन कराने पटना के मौर्य लोक कंपलेक्स पहुंचे तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा. समय पूर्व लोकसभा चुनाव कराए जाने को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि कुछ भी संभव है. भाजपा और केंद्र सरकार कुछ भी कर सकती है, इसलिए समय से पूर्व काम पूरा हो जाए यह अच्छी बात है.

इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि बीजेपी के लोग डरे हुए हैं. कोई बड़ी बात नहीं है कि 23 तारीख की बैठक से पहले मेरे घर पर छापा पड़ जाए . बीजेपी का इंटरनल सर्वे यह बता रहा है कि बिहार और अन्य प्रदेशों में पार्टी का क्या हाल होने वाला है.

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More