
नई दिल्ली. Ashes-2023: परंपरागत प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड (England vs Australia) के बीच एशेज सीरीज-2023 की शुरुआत शुक्रवार, 16 जून से हो रही है. सीरीज का पहला टेस्ट शुक्रवार से एजबेस्टन (Edgbaston) मैदान पर होगा. ऑस्ट्रेलिया के एक बल्लेबाज का इस मैदान पर रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है और अगर उसका बैट चला तो इंग्लैंड की शुरुआत बिगड़ना तय है. ऑस्ट्रेलियाई टीम की बात करें तो उसने आखिरी बार इंग्लैंड में एशेज सीरीज वर्ष 2029 में खेली थी तब पांच मैचों में मुकाबला 2-2 से बराबर रहा था.
संयोग देखिए, एशेज का पहला मैच 2019 में भी एजबेस्टन में खेला गया था और ऑस्ट्रेलिया ने इसे 251 रनों के बड़े अंतर से जीता था.खास बात यह है कि पहली पारी के आधार पर पिछड़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने यह जीत हासिल की थी. ऐसे में इंग्लैंड की कोशिश यही होगी कि इस बार उसकी शुरुआत हार के साथ न हो.ऐसे में बेन स्टोक्स की टीम को ऑस्ट्रेलिया के उस बैटर पर खास तौर पर लगाम कसनी होगी जिसने पिछली बार उसे हार के लिए मजबूर किया था. ऑस्ट्रेलियाई बैटर स्टीव स्मिथ (Steve Smith)ने एजबेस्टन में 2019 में हुए टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जमाए थे.
दोनों पारियों में स्टीव स्मिथ ने जड़े थे शतक
2019 के एजबेस्टन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 284 रन बनाए थे. टीम के लिए आधे से अधिक रन स्टीव स्मिथ (144) के बैट से ही आए थे. स्मिथ ने अपनी पारी में 16 चौके और दो छक्के लगाए थे.पीटर सिडल ने भी 44 रन का योगदान दिया था. जवाब में रोरी बर्न्स के शतक (133) और कप्तान जो रूट (57)व बेन स्टोक्स (50) के अर्धशतक की बदौलत इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 374 रन पर समाप्त थी. पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम को 90 रन की बढ़त मिली थी. दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट पर 487 रन बनाकर घोषित की थी, इस स्कोर में स्मिथ (142) और मैथ्यू वेड (110) के शतक और ट्रेविस हेड के 51 रन शामिल थे.
लायन के आगे बिखर गई थी इंग्लैंड की बैटिंग
मैच में इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 398 रनों का टारगेट था लेकिन पूरी टीम नाथन लायन (49 रन देकर 6 विकेट) की स्पिन में उलझकर महज 146 रन पर आउट हो गई थी.पैट कमिंस ने शेष चार विकेट लिए थे.इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में सर्वाधिक 37 रन क्रिस वोक्स ने बनाए थे. स्टीव स्मिथ को दोनों पारियों में लगाए गए शतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया था.






