
विशाल कुमार/छपरा. सारण के काशी बाजार स्थित मां साइंस इंस्टीट्यूट के संरक्षक डॉ. मनोज कुमार वर्मा ‘संकल्प’ के बेटे अमर्त्य संकल्प ने नीट-2023 में 99.0799 परसेंटाइल के साथ 620 अंक लाकर सारण जिले का नाम रौशन किया है. अमर्त्य को जीव विज्ञान में 330, भौतिकी में 150 और रसायन शास्त्र में 140 अंक मिले हैं. अमर्त्य संकल्प बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहे हैं और अपने वर्ग में हमेशा बेहतर करते रहे. पिता डॉ. मनोज कुमार वर्मा ‘संकल्प’ गणित के शिक्षक हैं. इससे इतर जीव विज्ञान में बेहतर करते हुए अमर्त्य संकल्प ने नीट की राह आसानी से पूरा कर लिया.
इस सफलता को लेकर अमर्त्य ने बताया कि उन्हें भौतिकी और रसायन शास्त्र में भी काफी दिलचस्पी है. अमर्त्य ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी मां सीमा संकल्प और दीदी श्रेया संकल्प जो एमबीबीएस की द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं के साथ शिक्षकों को दिया हैं. उन्होंने बताया कि पिता हर परिस्थितियों में सदैव उनके साथ खड़े रहे हैं और यह सफलता उनके इस विश्वास का ही प्रतिफल है. अमर्त्य ने बताया कि देश में आज भी चिकित्सकों की काफी कमी है और शायद यही कारण है कि इलाज महंगा है. उन्होंने बताया कि एक डॉक्टर बनकर गरीब और असहाय मरीजों की बेहतर सेवा करना चाहेंगे.
अमर्त्य को बधाई देने वालों का लगा तांता
अमर्त्य की इस उपलब्धि को लेकर छपरा के लोगों में खुशी देखी जा रही है वहीं परिवार वालों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया. इस अवसर पर लायंस क्लब एवं छपरा जिला शतरंज संघ के तमाम सदस्यों ने अमर्त्य संकल्प को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य के लिए कामना की है. लोगों ने बताया कि डॉ. मनोज कुमार वर्मा एक अच्छे शिक्षक हैं और उनके संस्थान से प्रत्येक वर्ष दर्जनों युवक निकलकर नौकरी हासिल करते हैं. माता-पिता के सहयोग से पुत्र को भी अच्छी शिक्षा मिली है. जिसका परिणाम आज सामने आया है. सफलता को लेकर परिवार वालों में बेहद खुशी देखी जा रही है.
.
Tags: Local18, NEET, NEET UG 2023
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 12:04 IST






