
नई दिल्ली. 80 और 90 के दशक में बॉलीवुड एक्ट्रेसेज के बीच कैट-फाइट होना बेहद आम बात थी. जब भी किसी फिल्म में मेकर्स एक से ज्यादा एक्ट्रेस को कास्ट करते थे, उन्हें अक्सर ऐसे हालातों का सामना करना ही पड़ता था. कभी स्क्रीन टाइम को लेकर तो कभी रोल तो कभी किसी एक्टर को लेकर अक्सर ही लीडिंग एक्ट्रेसेज के बीच मनमुटाव हो जाता था. कभी- कभी ये मनमुटाव इतना बढ़ जाता कि ये अभिनेत्रियां पब्लिक में भी एक- दूसरे पर टिप्पणी करने से हिचकिचाती नहीं थीं. कभी- कभी तो बात इतनी बढ़ जाती कि हाथा-पाई तक जा पहुंचती.
यूं तो इंडस्ट्री में कई ऐसी एक्ट्रेसेज रही हैं जिनके बीच का मनमुटाव जगजाहिर था. फिर चाहे बात रवीना टंडन- करिश्मा कपूर की हो या फिर रानी मुखर्जी- ऐश्वर्या राय की. लेकिन आज हम आपको बिपाशा बसु और करीना कपूर के बीच हुए घमासान युद्ध के बारे में बताने जा रहे हैं. इन दोनों हसीनाओं के रिश्ते इतने बिगड़ गए थे कि ये दोनों एक- दूसरे के कट्टर दुश्मन बन गए थे. इन दोनों ही एक्ट्रेसेज ने सालों तक इस दुश्मनी को शिद्दत से निभाया था. तो चलिए जानते हैं आखिर दोनों टॉप एक्ट्रेसेज के बीच इस दुश्मनी की वजह क्या थी.
कॉस्टयूम डिजाइनर से शुरू हुआ था विवाद-
ये वाकया बिपाशा बसु की डेब्यू फिल्म ‘अजनबी’ के सेट का है. इस फिल्म में बिपाशा के साथ करीना कपूर, अक्षय कुमार और बॉबी देओल भी लीड रोल में नजर आए थे. इस फिल्म की शूटिंग के दौरान बिपाशा ने एक दिन करीना से बिना पूछे उनके कॉस्टयूम डिजाइनर की मदद ले ली थी और फिर क्या था ये बात बेबो को कुछ खास पसंद नहीं आई. कॉस्टयूम डिजाइनर के चलते शुरू हुआ ये विवाद इतना आगे पहुंच गया कि बेबो ने बिपाशा को अपशब्द भी कह डाले थे.
जड़ दिया था थप्पड़-
इतना ही नहीं फिल्म ‘अजनबी’ में करीना की तुलना में बिपाशा के अभिनय और सीन्स की चर्चा ज्यादा हो रही थी. कहा जाता है कि बेबो इस बात से इतनी चिढ़ गई कि उन्होंने सबके सामने बिपाशा को भला- बुरा कहना शुरू कर दिया और बात बढ़ने पर उन्होंने बिपाशा को थप्पड़ भी जड़ दिया था.
बिपाशा ने साथ काम न करने की खाई थी कसम-
उस दिन बिपाशा ने ठान लिया था कि वह करीना के साथ दोबारा कभी काम नहीं करेंगी. ‘अजनबी’ के सेट पर शुरू हुई ये दुश्मनी सालों तक कायम रही. करीना ने पॉपुलर चैट शो ‘काफी विद करण’ में भी बिपाशा को लेकर अनुचित टिप्पणी कर डाली थी. हालांकि, सालों बाद दोनों ने दुश्मनी मिटा ली और बिपाशा ने करीना के पति सैफ अली खान के साथ फिल्मों में काम भी किया.
.
Tags: Bipasha basu, Entertainment Special, Kareena kapoor
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 14:59 IST






