
भोपाल. पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता अरुण यादव की एक टिप्पणी से मध्य प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है. यादव ने ये टिप्पणी पीएम मोदी पर की थी लेकिन आपत्तिजनक तरीके से उनके पिता तक के बारे में बोल गए. बीजेपी ने उनके बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
कांग्रेस नेता अरुण यादव ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर एक आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर पूछे गए सवाल में अरुण यादव ने यह टिप्पणी की. जिस पर विवाद खड़ा हो गया है.
शिवराज ने की निंदा
पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर सीएम शिवराज ने भी अरुण यादव पर हमला बोला है. मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा आज कांग्रेस नेता अरुण यादव द्वारा माननीय प्रधानमंत्री जी के स्वर्गीय पिता जी पर जो अभद्र टिप्पणी की गई है, वह उनकी स्तरहीन मानसिकता का प्रतीक है. यही “कांग्रेसी कल्चर”, इनकी मोहब्बत की दुकान है !मोदी जी देश का मान और देशवासियों का स्वाभिमान हैं. कांग्रेस रसातल में जा रही है और जब देश के यशस्वी और लोकप्रिय प्रधानमंत्री जी का सीधे मैदान में मुकाबला नहीं कर पा रही है, तो अभद्र और असभ्य भाषा पर उतर आई है. अरुण यादव द्वारा राजनैतिक मर्यादायें तार-तार की है, आपके बयान से मध्यप्रदेश शर्मिंदा है। अरुण जी आपकी और कांग्रेस की इस कुंठा का जवाब मध्यप्रदेश की जनता देगी.
ये कांग्रेस के संस्कार-बीजेपी
इस टिप्पणी के बाद भाजपा ने अरुण यादव के साथ कांग्रेस पार्टी के संस्कारों पर भी सवाल खड़े कर दिए. प्रदेश के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा यह कांग्रेस पार्टी के संस्कार हैं. कांग्रेस की हताशा उभरकर सामने आ रही है. हार के कारण कांग्रेस पार्टी में हताशा है. पीएम मोदी की लोकप्रियता से कांग्रेस पार्टी घबराई हुई है. हताश और निराश कांग्रेस मोदी और उनके परिवार को लेकर गलत शब्दों का इस्तेमाल कर रही है. कांग्रेस में अब कोई संस्कार मर्यादा नहीं बची है.
आज स्व सुभाष यादव भी दुखी होंगे
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा अरुण यादव का बयान देश की जनता का अपमान है. जिस भाषा का उपयोग हुआ है वह देश की जनता का अपमान है जिस भाषा का उपयोग अरुण यादव ने किया है आज उनके स्वर्गीय पिता सुभाष यादव भी दुखी होंगे. आज अपने जिन शब्दों का प्रयोग अरुण यादव ने किया है इससे सिद्ध होता है कि कांग्रेस का चरित्र और संस्कार क्या है आपको देश की जनता से माफी मांगना चाहिए.
.
Tags: Arun yadav, Bhopal latest news, Madhya Pradesh Congress, Pm modi latest news
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 20:34 IST






