
अनुज गौतम/सागर. मध्य प्रदेश के सागर जिले की रहने वाली एक बेटी ने कड़ी मेहनत से अपने स्वर्गीय पिता का सपना पूरा किया है. उन्होंने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग 2020 की परीक्षा में सफलता हासिल की है. इसके साथ वह डीएसपी (DSP) बन गई हैं.
सागर जिले के पटना बुजुर्ग की रोशनी पटेल पटवारी बनना चाहती थीं, लेकिन उनके पिता पलटू राम पटेल चाहते थे कि बेटी पुलिस अफसर बने. पलटू राम पटेल ने बेटी को खूब पढ़ाया और सिविल सेवा की तैयारी करवाई थी. वहीं, डीएसपी बनने के बाद रोशनी का कहना है कि आज वह जो भी बन पाई हैं, यह सब पापा की बदौलत हुआ है. उनके आशीर्वाद की वजह से मैं डीएसपी पद के लिए चयनित हुई हूं. अगर आज पापा होते तो वे बहुत खुश होते और मुझ पर गर्व कर रहे होते, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था. रोशनी पटेल ने सफलता का श्रेय पिता के अलावा बड़ी बहन और मां को भी दिया है.
पहले ही प्रयास में मिली कामयाबी
रोशनी ने 2019 में ग्रेजुएशन होने के बाद एमपीपीएससी की तैयारी शुरू की और 2020 में परीक्षा दी थी. जबकि एमपीपीएससी प्री का रिजल्ट आने के कुछ दिन बाद ही उनके पिता का अचानक निधन हो गया था. रोशनी ने अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए और भी ज्यादा मेहनत करना शुरू कर दी. मेहनत के दम पर मेंस क्लीयर किया और फिर इंटरव्यू में भी बाजी मारी ली. रोशनी के मुताबिक, उन्होंने पहले ही अटेम्प्ट में एमपीपीएससी की परीक्षा पास की है. जबकि यह कामयाबी ऑनलाइन और सेल्फ स्टडी के दम पर मिली है.
अभ्यर्थियों को दिया ये संदेश
रोशनी ने परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अन्य अभ्यर्थियों का खास संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि आप जो भी पढ़ाई कर रहे हैं या तैयारी कर रहे हैं, उसमें निरंतरता जरूर रखें. आपकी निरंतरता में भंग नहीं पड़ना चाहिए. सफलता मिलेगी यही सोचकर तैयारी और मेहनत करते रहिए. एक न एक दिन अच्छे परिणाम जरूर सामने आएंगे. साथ ही कहा कि अगर पहली बार में आपको सफलता नहीं मिलती है, तो पीछे बिल्कुल न हटें बल्कि आप यह देखें कि आपकी कमियां कहां रह गई हैं. उन कमियों को पूरा करने की कोशिश करें. आपको सफलता जरूर मिलेगी.
.
Tags: Local18, MPPSC, Success Story
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 12:36 IST






