
लखेश्वर यादव/जांजगीर चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में रविवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी. इसके चलते ऑटो सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. करीब सात घंटे तक हंगामा चलता रहा. पुलिस ने सोमवार देर शाम चालक को गिरफ्तार किया, फिर जाम खुल सका. हादसा नवागढ़ थाना क्षेत्र में हुआ है.
जानकारी के अनुसार ठाकुरदिया गांव का रहने वाला दिलीप भारद्वाज (35) अपने 2 बच्चे और पत्नी सुनीला भारद्वाज के साथ पंजाब काम करने के लिए गया था. राशन कार्ड की केवाईसी कराने के लिए वह परिवार के साथ लौटा था. सभी चांपा स्टेशन से रविवार रात करीब 8 बजे ऑटो में गांव आ रहे थे. तभी रेत से भरे ट्रैक्टर ने ऑटो को ठोकर मार दी. टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और उसमें सवार सभी नौ लोग घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भाग निकला. पुलिस ने सभी घायलों को नवागढ़ सीएचसी में भर्ती कराया.
आरोपी ट्रैक्टर चालक पर दर्ज हुआ मुकदमा
सोमवार को मृतक दिलीप भारद्वाज के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और स्वजन को सौंप दिया गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और स्वजन ने जांजगीर शिवरीनारायण मुख्य मार्ग में राछा चौक के पास सड़क पर शव को रख कर चक्का जाम शुरू कर दिया. जिसके चलते मार्ग में आवागमन अवरूद्ध हो गया और वाहनों की कतार लग गई. पुलिस ने आरोपित ट्रैक्टर चालक को धारा 304 ए के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया और ट्रैक्टर को जब्त किया है.
.
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 23:08 IST






