UP B.Ed JEE 2023 : चप्पे-चप्पे पर होगी तीसरी आंख की नजर, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने बनाया आधुनिक कमांड सेंटर 


शाश्वत सिंह/झांसी. उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 15 जून को पूरे प्रदेश में आयोजित होनी है  . परीक्षा की जिम्मेदारी झांसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को दी गई है. परीक्षा में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी या नकल न हो सके इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं. बीएड प्रवेश परीक्षा में पहली बार तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी अभिनव और आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है.

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एक कमांड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है. इस सेंटर से एक साथ प्रदेश में बनाए गए सभी 1108 परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा सकेगी. कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश भर के सभी परीक्षा केंद्रों पर कुल 12000 कैमरे लगाए गए हैं. इन सभी जगह से लाइव फीड कंट्रोल रूम में देखा जा सकेगा. यहां 15 लोगों की टीम होगी जो पूरे परीक्षा की अवधि में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखेगी. बीएड प्रवेश परीक्षा में पहली बार इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है.

नकल पर नकेल कसने की पूरी तैयारी
कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा के दौरान कोई नकल न हो सके इसके लिए भी इंतजाम किए गए हैं. हर विद्यार्थी का बायोमेट्रिक अटेंडेंस और फेस रिकॉग्निशन से अटेंडेंस ली जाएगी. इसके साथ ही विश्वविद्यालय की तरफ से भेजे गए प्रतिनिधि भी सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेंगे. बुंदेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह प्रण लिया है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किया जाएगा.

.

FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 21:16 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More