रतलाम में दारू पार्टी के दौरान झगड़े में युवक की हत्या, नाबालिग दोस्त ही निकले कातिल

सुधीर जैन/रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम के रावटी कस्बे में शनिवार की रात हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि दोनों ने मिल कर 22 वर्षीय युवक की हत्या की है. वारदात से पहले यह तीनों दोस्त एक शादी समारोह में शामिल हुए थे. बाद में उन्होंने गांव के बाहर कुएं के पास शराब पार्टी की थी. दारू पार्टी के दौरान हुए मामूली झगड़े में दोनों लड़कों ने युवक की हत्या कर दी.

पुलिस के मुताबिक जब तीनों दोस्त मिल कर शराब पी रहे थे तब उनमें अचानक विवाद हो गया. इसमें दोनों नाबालिगों ने मिल कर अपने दोस्त सुरेश गहलोत की पत्थरों से कुचल कर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मृतक का मोबाइल फोन लेकर वहां से फरार हो गये. सुबह आस-पास के लोगों ने शव देखा तो रावटी थाना को सूचना दी. रतलाम से फॉरेंसिक एक्सपर्ट और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धार्थ बहुगुणा भी मौके  पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की.

पुलिस ने लास्ट सीन थ्योरी के आधार पर काम करना शुरू किया तो पता चला कि मृतक सुरेश को उसके दो नाबालिग दोस्तों के साथ आखिरी बार देखा गया था. पूछताछ में दोनों नाबालिग लड़कों के नाम सामने आ गए. जब इनसे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया. पुलिस ने एक आरोपी के घर से मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है.

पुलिस के अनुसार, जब तीनों दोस्त कुएं के पास बैठ कर शराब पी रहे थे तो सुरेश की गर्लफ्रेंड का फोन आया था. वह उसे फोन पर कह रहा था कि मैं तुम्हारे कारण मर जाऊंगा. इस बात पर उन तीनों में विवाद शुरू हो गया. बात इतनी बढ़ गई कि सुरेश ने एक नाबालिग को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद हुए झगड़े में दोनों नाबालिगों ने मिल कर सुरेश की पत्थर मार कर हत्या कर दी और वहां से भाग निकले. जब इन्हें कस्टडी में लेकर मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की गई तो दोनों ने सुरेश की हत्या करना स्वीकार किया.

.

FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 15:17 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More