PM मोदी का अमेरिका दौरा होगा बेहद खास, बाइडन फैमिली के साथ 21 जून को डिनर, 22 जून को वेलकम सेरेमनी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वॉशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का परिवार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए 21 जून को एक आत्मीय रात्रिभोज की मेजबानी करने की योजना बना रहा है और इसके एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय-व्हाइट हाउस में राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा. अमेरिका के एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने यह जानकारी दी. जो बाइडन और अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन ने मोदी को एक आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है.

इस हाई-प्रोफाइल यात्रा संबंधी योजना से अवगत एक अधिकारी ने बताया कि इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान 22 जून को साउथ लॉन्स में एक प्रभावशाली स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा और बाद में रात को यहीं पर राजकीय रात्रिभोज का आयोजन होगा, जिसमें मनोरंजन का विशेष प्रबंध होगा.

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘व्हाइट हाउस के लॉन में बहुत महत्वपूर्ण स्वागत समारोह होगा. मुझे उम्मीद है कि एक रात पहले, प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति बाइडन एवं बाइडन परिवार को एक साथ बैठकर कुछ देर आत्मीयता के साथ बातचीत करने का अवसर मिलेगा.’ अभी यह नहीं बताया गया है कि इस रात्रिभोज का आयोजन कहां किया जाएगा.

अमेरिका पहुंचने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे और इसके बाद वह वॉशिंगटन डीसी पहुंचेंगे. पीएम मोदी की यात्रा के दौरान 22 जून का दिन व्यस्त रहेगा और दिन के आखिर में राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा. इसके लिए व्हाइट हाउस के साउथ लॉन्स में तंबू लगाए जाने की संभावना है, ताकि इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथियों के लिए स्थान उपलब्ध कराया जा सके.

अतिथियों की सूची आम तौर पर राजकीय भोज की शाम को जारी की जाती है. अनुमान है कि इस राजकीय भोज में उन लोगों को आमंत्रित किया गया है, जो अमेरिका और भारत के बीच संबंधों के हितधारक हैं. अधिकारी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि राजकीय रात्रिभोज के दौरान भारत और अमेरिका के बीच संबंधों का जश्न मनाया जाएगा और इसमें भारत एवं अमेरिका भर से सहयोगी शामिल होंगे. यह बहुत लोकप्रिय आयोजन होगा. बमुश्किल ही कोई दिन जाता है, जब हमें राजकीय रात्रिभोज की आखिरी टिकटें खरीदने के लिए लोगों का अनुरोध नहीं मिलता हो. मुझे लगता है कि यह शानदार आयोजन रहेगा.’

अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि 23 जून को अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन प्रधानमंत्री मोदी के लिए विदेश मंत्रालय के ‘फॉगी बॉटम’ स्थित मुख्यालय में मध्याह्न भोजन की मेजबानी करेंगे. अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने एक अत्यंत ठोस कार्यक्रम बनाने को कहा है और हमने यही किया है. हमने उनके लिए अधिक से अधिक कार्यक्रमों की योजना बनाई है जो कई मायनों में स्पष्ट करता है कि हम अमेरिका-भारत संबंधों को इतना महत्वपूर्ण क्यों समझते हैं.’

वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि व्हाइट हाउस रात्रिभोज और अन्य गतिविधियों के बारे में आगामी दिनों में जानकारी जारी करेगा. अधिकारी ने कहा, ‘लेकिन मैं आपको बताता हूं कि यह बहुत खास होगा। यह दोनों नेताओं के बीच निकट साझेदारी को दिखाने का एक उचित तरीका होगा.’ राजकीय रात्रिभोज के लिए आमंत्रित अतिथियों की संख्या को गोपनीय रखा गया है, लेकिन अधिकारी ने पुष्टि की कि अतिथियों की संख्या 120 से कहीं अधिक होगी. व्हाइट हाउस में राजकीय भोज के लिए पारंपरिक स्थल ‘स्टेट डाइनिंग रूम’ में 120 लोगों की क्षमता है.

Tags: Joe Biden, Narendra modi, United States

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें