
सुनील रजक/शिवपुरी. मध्यप्रदेश का शिवपुरी भी अब जल्द ही धार्मिक नगरी में शामिल होने वाला है. आने वाले समय में यहां पर एक गुरूकुल, अध्यात्म केन्द्र के साथ आचार्य पीठ और पर्यावरण यूनिवर्सटी खोलने की तैयारी है. इतना ही नहीं यहां संत समागम स्थल और संस्कृत महाविद्यालय भी खोले जाने पर चर्चा हो रही है. आइए जानते हैं शिवपुरी में किस जगह सनातन परंपरा की धर्म स्थली बनाई जाने वाली है.
जी हां, शिवपुरी जिले के पिछोर में खोड कस्बे के प्राचीन व सिद्ध स्थल धाय महादेव मंदिर को उज्जैन के महाकालेश्वर और नासिक के त्र्यंबकेश्वर की तरह विकसित किए जाने की तैयारी है. कुछ दिन पहले ऋषिकेश से श्रीपंच दशनाम आवाहन अखाड़े के पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधूत बाबा अरूण गिरी ने अपने संतों की टीम के साथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया और आगामी समय में यहां पर एक गुरूकुल, अध्यात्म केन्द्र के साथ आचार्य पीठ और पर्यावरण यूनिवर्सटी खोलने की बात कही.
खर्च होंगे 2 करोड़ रुपए
इस पूरे प्रोजेक्ट में करीब दो करोड़ रुपए से अधिक खर्च होंगे. संतों की टीम में प्रमुख तौर पर उनके शिष्य ब्रह्मश्री स्वामी डॉ. एसके नारायणन फाउंडर चेयरमैन सनातन धर्म फाउंडेशन आंध्र प्रदेश, अखाड़े के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत शिवेश गिरी आदि भी मौजूद रहे. पीठाधीश्वर के साथ अल्प प्रवास पर आए संतों की टीम ने भगवान शिव की पूजा अर्चना कर धार्मिक स्थल का हर स्तर पर बारीकी से निरीक्षण किया.
उन्होंने बताया कि अगर आसपास के ग्रामीण धार्मिकजन और संबंधित लोगों के सहयोग के साथ सहमति मिलती है तो इस धाय महादेव मंदिर के विकास के लिए शुरुआत में लगभग 2 करोड़ से अधिक की राशि खर्च की जाएगी. यहां सनातन संस्कारों को मजबूत करने के लिए गुरुकुल की स्थापना करने के साथ आध्यात्मिक केंद्र बनाया जाएगा. इसके अलावा यहां पर संतों का समागम स्थल, संस्कृत महाविद्यालय और मुख्य रूप से आचार्य पीठ की स्थापना की जाएगी. फिलहाल, अखाड़े की ओर से धाय महादेव मंदिर पर 108 कुंडीय महायज्ञ जल्द कराया जाएगा.
महाकालेश्वर की तरह विकसित होगा धाय महादेव
पीठाधीश्वर ने बताया कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो वह धाय महादेव मंदिर को उज्जैन के महाकालेश्वर नासिक के त्र्यंबकेश्वर आदि स्थानों की तरह विकसित करेंगे. संतों के ठहरने और बड़े धार्मिक आयोजन यज्ञ आदि हेतु विभिन्न निर्माण कार्य किए जाएंगे. यहां की पुरातात्विकता को जीवित किया जाएगा. यहां से आवाहन अखाड़े का संचालन व सनातन धर्म का प्रचार प्रसार समूचे मध्यप्रदेश सहित विश्वभर में किया जाएगा. इससे सभी का कल्याण होगा.
.
Tags: Hindu Temple, Latest hindi news, Mp news, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 17:49 IST






