
अमित सिंह/प्रयागराज : गर्मी का सितम अपने उफान पर है. आलम ये कि लोगों को दिन का पता ही नहीं चल रहा है. बीते चार दिनों से रात से दोपहर हो रही है. " सुबह का स्लाट " गायब है. इसके कारण आम जनजीवन अस्त व्यस्त है. इतना ही नहीं तपती दुपहरी में चलने वाली लू ने सोने पर सुहागा का काम किया है. सोमवार को भोर में चार बजे तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी जरूर हुई लेकिन मौसम का असर उस पर कुछ भी नहीं दिखा. सुबह आठ बजते ही तीखी धूप से लोगों के दिन की शुरुआत हुई.
बीते रविवार अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक था. मौसम विभाग ने आने वाले 2 दिनों के लिए गर्म हवाओं के चलने का अलर्ट जारी किया है. पूरे सप्ताह भर तीखी गर्मी पड़ने के आसार हैं. बता दें कि सोमवार की भोर में सुबह आसमान में बादल दिखे दो लोगों में उम्मीद जगी कि अब मौसम से राहत मिल सकती है. 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली लेकिन बूंदाबांदी के साथ राहत की उम्मीदों पर पानी फिर गया .
कूलर पंखे भी गर्मी के आगे फेल
खास बात यह रहेगी सुबह के आठ बजे से ही गर्मी चढ़ने लगी. गर्मी इतनी प्रचंड है कि कूलर पंखे भी अपना काम नहीं कर पा रहे हैं, बची खुची कसर लू से पूरी हो जा रही है. मौसम विभाग की मानें तो 17 जून तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है.रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रोफेसर ए आर सिद्दीकी ने बताया कि दक्षिण पश्चिम की हवा के कारण उमस बढ़ रही है. आगामी 3 दिनों तक राहत नहीं मिलने के आसार हैं.






