
सीहोर. सीहोर में शातिर ठगों ने नामी कंपनी एप्पल में भी सेंध लगा दी है. जिले के भैरुन्दा में एक कूरियर कंपनी के 3 कर्मचारियों ने बहुत ही शातिराना अंदाज में एप्पल कंपनी के 20 पार्सल में माल बदल कर नकली माल भर दिया और लोगों को बेच दिया. अब कंपनी की शिकायत पर पुलिस इस केस की जांच कर रही है.
सीहोर जिले के भैरूंदा नगर के इंदौर रोड पर देल्हिवेरी लिमिटेड लॉजिस्टिक कंपनी है. इस कंपनी के ब्रांच मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर और डिलेवरी बॉय पर ठगी का आरोप लगा है. आरोप ये है कि इन तीनों ने मिलकर एप्पल कंपनी की जीपीएस स्मार्ट वॉच में हेराफेरी कर दी. कुल 30 लाख से ज्यादा घड़ी बदलकर उनकी जगह नकली घड़ी ग्राहकों को दे दी.
एप्पल की जगह नकली कंपनी का माल
देल्हिवेरी लिमिटेड लॉजिस्टिक कंपनी के इन तीन लोगों ने अमेज़न कंपनी के ऑनलाइन एप के माध्यम से ठगी की इस वारदात को अंजाम दिया. इन तीनों ने मिलकर 20 पार्सल में से एप्पल कंपनी की घड़ी निकाल लीं. इनकी कुल कीमत 30 लाख 63 हजार 515 रुपए थी. इनकी जगह माल बदलकर नकली घड़ी रख दीं.
एप्पल ने अमेज़न को भेजा मेल
एप्पल कम्पनी को इस गोरखधंधे की भनक तब लगी ग्राहकों को इस नामी कंपनी की जगह बच्चों वाली नकली घड़ी निकलीं. तत्काल एप्पल ने अमेजन कंपनी को इसकी सूचना दी. अमेज़न कंपनी ने भैरुन्दा की देल्हिवेरी लिमिटेड लॉजिस्टिक कंपनी को ई-मेल भेजा. उसने बताया कंपनी की ओर से भेजे जा रहे पार्सलों के साथ हेराफेरी कर असली प्रोडेक्ट की जगह नकली माल रखा जा रहा है. इस कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारियो ने जब भैरूंदा देल्हिवेरी ब्रांच में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चैक किए तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई.
सीसीटीवी में दिखी करतूत
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह तथ्य आया कि फरवरी से मई माह के बीच इस ब्रांच के मैनेजर नरेन्द्र राठौर, असिस्टेंट मैनेजर हरीश विश्वकर्मा और डिलेवरी बॉय दिलीप राठौर ने ये हेराफेरी की है. ये तीनों ऑफिस खुलने से पहले ही ऑफिस से पार्सल ले जाते और कुछ समय बाद उसी पार्सल को वापस रखते हुए दिखाई दिए. यह तीनों यहीं पार्सल कस्टमर के ऑर्डर के केंसिलेशन के आधार पर वापस करते थे.
पार्सल में बदल देते थे माल
भैरूंदा एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया इस संबंध में मिली ठोस जानकारी के आधार पर यह खुलासा हुआ कि यह तीनों आरोपी मिलीभगत कर लंबे समय से इस धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे थे. डिलेवरी बॉय दिलीप राठौर ने बताया कि वह मैनेजर नरेन्द्र राठौर के कहने पर सेंटर से पार्सल निकालकर उन्हें देता था और एक से दो घंटे बाद उसी पार्सल को वापस सेंटर में लाकर रख देता था. इस पूरे मामले पर भैरूंदा पुलिस ने देल्हिवेरी लिमिटेड लॉजिस्टिक कंपनी के सिक्यूरिटी ऑफिसर की शिकायत पर इन तीनों लोगों के खिलाफ धारा 420, 409 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं. तीनों आरोपी फिलहाल फरार है. उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
.
Tags: Apple Latest Phone, Cyber thugs, Sehore news
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 15:41 IST






