
हाइलाइट्स
रोहित शर्मा ने डब्ल्यूटीसी फाइनल में रिजल्ट के लिए बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल्स का दिया सुझाव
पैट कमिंस ने रोहित शर्मा को ओलंपिक की रेस का उदाहरण देते हुए दिया जवाब
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के एक की जगह 3 मैचों की सीरीज के जरिए रिजल्ट निकालने वाले सुझाव पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) ने करारा जवाब दिया है. कमिंस का कहना है कि उनकी टीम अब विजेता बन चुकी है और उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, चाहे 50 मैचों की सीरीज ही क्यों ना हो. रोहित का बयान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल हारने के बाद आया है. ऑस्ट्रेलिया ने भारत को फाइनल में 209 रन से हराकर पहली बार इस ट्रॉफी पर कब्जा किया.
रोहित शर्मा ने हार के बाद कहा कि चैंपियन का फैसला एक की जगह तीन मैचों की सीरीज यानी बेस्ट ऑफ थ्री से हो. उन्होंने फाइनल इंग्लैंड में आयोजित करने को लेकर भी सवाल उठाए हैं. हिटमैन का कहना है कि डब्ल्यूटीसी फाइनल को इंग्लैंड में ही नहीं बल्कि दुनिया के किसी भी कोने में आयोजित किए जाने चाहिए.
यह भी पढ़ें:मैं अश्विन को बाहर रखने के फैसले को पचा नहीं पा रहा हूं, पहली पारी में … सचिन ने बताई हार की वजह
‘बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल्स हों’
दुनिया भर में हिटमैन के नाम से फेमस रोहित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘ मैं डब्ल्यूटीसी फाइनल में 3 मैचों की सीरीज खेलना पसंद करूंगा. हमने फाइनल में पहुंचने के लिए 2 साल से कड़ी मेहनत की. इसके बाद हमने सिर्फ एक मैच खेला. मुझे लगता है कि अगले डब्ल्यूटीसी चक्र में तीन मैचों की सीरीज आदर्श होगी.’ रोहित के इस कॉमेंट का जवाब पैट कमिंस ने दिया है.
‘ ओलंपिक में गोल्ड के लिए सिर्फ एक मौका मिलता है’
कंगारू कप्तान से जब रोहित के इस बयान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता. कमिंस ने कहा, ‘ हम अब डब्ल्यूटीसी चैंपियनशिप जीत चुके हैं. मुझे लगता है कि आपके पास 50 मैचों की भी सीरीज क्यों ना हो, लेकिन ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के लिए आपको सिर्फ एक मौका मिलता है.’
रोहित की कप्तानी पर उठे सवाल
रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम को इससे पहले एशिया कप में सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था जबकि पिछले साल टी20 विश्व कप में भी टीम इंडिया अंतिम 4 से बाहर हो गई थी. अब डब्ल्यूटीसी फाइनल में हार के बाद उनकी कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं.
.
Tags: Pat cummins, Rohit sharma
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 09:13 IST






