
अंजली शर्मा /कन्नौज. कन्नौज जनपद में चयनित 250 गरीब बेटियों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ मिलने जा रहा है. ऐसे में इस योजना से जुड़ कर गरीब परिवार अपनी बेटियों का विवाह बड़े ही धूमधाम से कर सकते हैं. मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में इसी माह हर तहसील में शहनाइयां गूंजेगी. समाज कल्याण विभाग की तरफ से आवेदन लेना शुरू हो गया है. समाज कल्याण विभाग में जाकर आवेदन करें.
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के नाम से यह एक महत्वपूर्ण योजना चलाई जा रही है. जिसमें गरीब तबके की बेटियां समाज कल्याण विभाग में सीधे आवेदन करके इस योजना का लाभ ले सकती हैं. योजना में ग्रामीण क्षेत्र और शहरी क्षेत्र के आवेदक ईओ कार्यालय में आवेदन कर सकती है. आवेदन में अभिभावक का निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दो लाख से अधिक आए ना हो, लड़की की उम्र का प्रमाण पत्र जो 18 वर्ष से अधिक हो, दूल्हे का भी आयु प्रमाण पत्र लगेगा जिसमें 21 वर्ष आयु से कम ना हो, लड़की का बैंक खाता, आधार कार्ड, वर-वधू का अलग-अलग फोटो लगता है.
51 हजार का मिलेगा लाभ
इस योजना में कन्याओं को शादी में 51 हज़ार रूपए की सहायता मिलती है. जिसमें 35 हज़ार रूपए विवाह उपरांत कन्या के खाते में डाले जाते हैं. 10 हज़ार रूपए का उपहार दिया जाता है और 6 हज़ार रूपए भोजन में खर्च होते है.
250 जोड़ों का सामूहिक विवाह 23 जून को
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना इसी माह की 23 जून को निर्धारित की गई है. जिसको लेकर जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेज दिया गया है. इस योजना में गरीब तबके की कन्याओं को सीधा लाभ दिया जाता है. यह एक बहुत महत्वपूर्ण योजना है. इसमें बहुत ही सरल और आसान तरीके से आवेदन किया जाता है. आवेदन कर्ता अपने क्षेत्र के ब्लॉक और शहरी क्षेत्र में ईओ कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं और सीधे तौर पर जिला समाज कल्याण कार्यालय पर भी संपर्क कर सकते हैं. इस बार जिले भर में 250 कन्याओं का सामूहिक विवाह कार्यक्रम होना तय किया गया है.
.
Tags: Kannauj news, Local18, Marriage ceremony, UP news
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 12:59 IST






