मालिक के रुपये हड़पने के लिए रचा षड्यंत्र, फिर इस छोटी सी गलती ने पहुंचाया जेल

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


प्रदीप धनखड़/बहादुरगढ़: शहर में 2 दिन पहले हुई 7 लाख की लूट की वारदात को सुलझाने में पुलिस ने सफलता हासिल कर ली है. लूट का मास्टरमाइंड और कोई नहीं खुद शिकायतकर्ता ही निकला. उधार चुकाने के लिए और गाड़ी के कर्ज की किस्त अदा करने के लिए शिकायतकर्ता ने 7 लाख रुपये की लूट का ड्रामा रचा था.

पुलिस को लूट की झूठी कहानी सुना कर गुमराह करने की कोशिश की थी. जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रवेश, सोनाली पेट्रो केमिकल्स नाम की फैक्ट्री में काम करता है. इस फैक्ट्री के मालिक ने प्रवेश पर भरोसा कर उसे 7 लाख रुपये कैश खाते में जमा करवाने के लिए दिए, लेकिन एक साथ इतनी रकम देखने पर प्रवेश के मन में लालच आ गया.

फिर उसने अपने ऊपर चढ़े कर्ज को उतारने के लिए लूट के इस पूरे षड्यंत्र को रच डाला. प्रवेश ने पुलिस में शिकायत की कि 9 जून की सुबह जब वह अपने घर की तरफ 7 लाख रुपयों से भरा बैग लेकर जा रहा था, तभी कुछ लुटेरों ने उसे घेर लिया और उसके पास से 7 लाख रुपये, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने प्रवेश के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच में जुट गई. छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस बाइक के लुट जाने की शिकायत प्रवेश ने पुलिस को दी है, उसी बाइक पर वह घूम रहा है. बस फिर क्या था पुलिस ने उसे उसी बाइक के साथ धर दबोचा. सख्ती से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया. ये सच सामने आया कि शिकायतकर्ता ही लूट का असली आरोपी है.

कर्ज उतारने के लिए रचा था षड्यंत्र
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री कर्मचारी प्रवेश ने गांव के कुछ लोगों से पैसे उधार ले रखे थे और सिर्फ इतना ही नहीं कुछ समय पहले ही उसने अपने मालिक से एक गाड़ी भी खरीदी थी, जिसकी 2 लाख रुपये की किस्त बकाया थी. इस कर्ज को उतारने के लिए आरोपी ने 7 लाख रुपयों के लूट की साजिश रच डाली. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के पास से 7 लाख रुपये, बाइक और मोबाइल बरामद कर लिया और उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

.

FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 21:38 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें