
अनंत कुमार/रांची/गुमला: इन दिनों झारखंड में गर्मी का प्रकोप काफी बढ़ गया है. बच्चे इस चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी में स्कूल जा रहे थे. यहां अत्याधिक गर्मी पड़ने व लू को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने राज्य में संचालित स्कूलों में 12 जून से 14 जून तक छुट्टी की घोषणा कर दी है. सचिव के. रवि कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है.
सचिव के. रवि कुमार के द्वारा जारी आदेश में लिखा गया है कि ‘झारखंड राज्य में अत्याधिक गर्मी पड़ने एवं लू को ध्यान में रखते हुए राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त/ गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालय 12 जून दिन सोमवार से 14 जून दिन बुधवार तक बंद रहेंगे’.
आदेश में यह भी कहा गया है कि ‘इस अवधि में बच्चों की पढ़ाई में होने वाली क्षति की भरपाई के संबंध में अलग से निर्णय लेते हुए सूचित किया जाएगा.’ बता दें कि झारखंड के ज्यादातर जिलों में तापमान 40 डिग्री के पास चला गया है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले 3-4 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
.
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 19:56 IST






