
हाइलाइट्स
पंजाब के लोगों पर महंगाई की मार
पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ी
मान सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों पर VAT बढ़ाया
Punjab Petrol-Diesel Price: पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने रविवार को आम आदमी को बड़ा झटका दिया है. दरअसल, पंजाब में पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया है. पंजाब सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों पर वैट (VAT) बढ़ा दिया है. वैट में बढ़ोतरी के बाद राज्य में पेट्रोल 92 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है, जबकि डीजल के दाम 88 पैसे प्रति लीटर बढ़ गए हैं. राज्य के पेट्रोल पंप मालिकों ने यह जानकारी दी.
वैट में वृद्धि के साथ पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें (मोहाली में) बढ़कर क्रमशः 98.95 रुपये प्रति लीटर और 89.25 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं. नई खुदरा कीमतें 10 और 11 जून की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं.
नोटिफिकेशन जारी
यह इस साल में दूसरा मौका है जबकि ईंधन कीमतें बढ़ी हैं. फरवरी में आप सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों पर 90 पैसे प्रति लीटर का उपकर लगाया था. राज्य के आबकारी और कराधान विभाग ने शनिवार को ईंधन पर वैट में वृद्धि के संबंध में अधिसूचना जारी की.
पंजाब में पेट्रोल-डीजल की दरें पड़ोसी राज्यों की तुलना में ज्यादा
मोहाली के एक पेट्रोल पंप के मालिक अशविंदर सिंह मोंगिया ने कहा कि डीजल पर वैट 1.13 फीसदी बढ़ाकर 12 फीसदी कर दिया गया है, जबकि पेट्रोल पर इसे 1.08 प्रतिशत बढ़ाकर 15.74 फीसदी किया गया है. मोंगिया ने कहा कि वैट में बढ़ोतरी के साथ पंजाब में पेट्रोल और डीजल की दरें पड़ोसी राज्यों की तुलना में अधिक हो गई हैं.
मोंगिया ने कहा कि संघ शासित प्रदेश चंडीगढ़ में डीजल और पेट्रोल की खुदरा कीमतें क्रमशः 84.26 रुपये प्रति लीटर और 96.20 रुपये प्रति लीटर हैं. इसी तरह हिमाचल प्रदेश में डीजल की कीमत 85.44 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की 96.29 रुपये प्रति लीटर है.
.
Tags: Business news, Business news in hindi, Diesel, Petrol, Petrol and diesel
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 18:17 IST








