
अनुज गौतम/सागर: सागर कृषि उपज मंडी में 2 दिन में गेहूं के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते किसानों को अपना अनाज मंडी से वापस लेकर घर आना पड़ा है. अच्छे गेहूं के भाव में 900 रुपए तक गिर गए हैं. 2 दिन पहले 600 रुपए के उछाल के साथ गेहूं 3300 रुपए पर पहुंच गया था, जिससे किसानों को अपने अनाज का अच्छा दाम मिलने की उम्मीद जागी थी.
इसी समय के इंतजार में अपने अनाज को घर पर रखे बैठे किसान ट्रैक्टर ट्रालियों में लादकर मंडी पहुंचने लगे. गेहूं की अच्छी आवक को देख व्यापारियों का मनमाना रवैया देखने को मिला. 2 दिन में उन्होंने गेहूं के दाम 885 रुपए कम कर दिए, जिससे निराश होकर किसानों को लौटना पड़ा. किसान अपना अनाज बेचने को तैयार नहीं हुए.यही वजह रही कि इस सीजन में सबसे कम 1979 क्विंटल ही अनाज की खरीदी हुई.
अभी तक 10 हजार क्विंटल से अधिक की खरीदी की जा रही थी. इसके पीछे एक वजह यह भी सामने आई है कि अभी तक किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य में सरकार को अपना गेहूं बेचा जा रहा था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद अब व्यापारियों को ही गेहूं चना, उड़द, मसूर सहित अन्य फसल बेचनी पड़ रही है और वे अपनी मनमानी पर उतर आए हैं.
इतना रहा भाव
गुरुवार को 12885 क्विंटल अनाज की मंडी में आवक दर्ज की गई थी. शुक्रवार को यह 1979 क्विंटल ही रह गई, यानी कि 24 घंटे में ही 10 हजार क्विंटल अनाज की कम खरीदी हुई है. गेहूं का न्यूनतम भाव 2180 रुपए मिला है. अधिकतम भाव 2415 रुपए रहा. चना का न्यूनतम भाव 4210 रुपए , मॉडल भाव 4590 रुपए और अधिकतम भाव 4840 रुपए मिला.
अन्य फसलों का भाव
मसूर का न्यूनतम भाव 5210 रुपए , मॉडल भाव 5450 रुपए और अधिकतम भाव 5950 रुपए मिला. अलसी का न्यूनतम भाव 4300 रुपए , मॉडल भाव 4300 रुपए , अधिकतम भाव 4300 रुपए रहा. सोयाबीन पीला का न्यूनतम भाव 4300 रुपए , मॉडल भाव 4885 रुपए , अधिकतम भाव 5075 रुपए में खरीदा गया.
.
Tags: Local18, Sagar news, Wheat crop, Wheat Procurement
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 18:04 IST








