
मुंबई. कोई किरदार हो या फिर कोई गाना, कहते हैं जिसके नसीब में होता है वही कलाकार उसे कर पाता है. ऐसे कई उदाहरण देखने को मिले हैं, जब पहले किसी और का नाम जेहन था लेकिन बाद में इसे किसी और ने किया और वह बेहद सफल साबित हुआ. ऐसा ही कुछ एक दफा किशोर दा के साथ हुआ था. जिस गाने को किशोर कुमार गाने वाले थे, वह किसी और की आवाज में रिकॉर्ड हुआ. वह गाना मिथुन चक्रवर्ती पर फिल्माया गया और इतना हिट हुआ कि आज भी उसे सुना जाता है. कौनसा था वह गाना और किसने दी थी आवाज? आज सॉन्ग ऑफ दि वीक में इसी पर बात करते हैं.
गाने से पहले इस फिल्म के बारे में बताते हैं और फिर बताएंगे कि किशोर कुमार गाने को क्यों नहीं गा सके थे. यह सुपर हिट गाना मिथुन की सुपरहिट फिल्म ‘डिस्को डांसर’ का था. यह फिल्म 17 दिसम्बर 1982 को रिलीज हुई थी. फिल्म को बब्बर सुभाष ने निर्देशित किया था और इसी फिल्म के जरिए डिस्को की बॉलीवुड में एंट्री हुई थी. फिल्म को इतना पसंद किया गया था कि इसने 80 के दशक में 100 करोड़ का बिजनेस किया था. साथ ही फिल्म ने मिथुन को ‘इंडियन माइकल जैक्सन’ का खिताब दिलवाया था.
ताकि हो जाए ‘किशोर मामा’ का काम आसान
फिल्म के बाद आइए, इसके उस सुपरहिट गाने की बात करते हैं, जिसे किशोर कुमार रिकॉर्ड करने वाले थे लेकिन ऐसा हो नहीं सका. यह गाना है, ‘याद आ रहा है तेरा प्यार…’. यह बोल सुनकर अपने आप आपके जेहन में सिंगर का नाम आ गया होगा. यह गाना बॉलीवुड के प्रतिभाशाली संगीतकार बप्पी लहरी ने गाया था. गाना इतना सफल रहा कि मिथुन को काफी फायदा हुआ. लेकिन यह गाना किशोर कुमार रिकॉर्ड करने वाले थे लेकिन जिस दिन रिकॉर्डिंग होनी थी वे मुंबई से बाहर थे. किशोर दा शाम तक मुंबई पहुंचकर गाना रिकॉर्ड करने वाले थे लेकिन किशोर दा की फ्लाइट लेट हो गई. इधर, रिकॉर्डिंग स्टूडियो में सभी उनका इंतजार कर रहे थे. ऐसे में बप्पी ने सोचा किशोर मामा (बप्पी लहरी, किशोर दा को प्यार से ‘किशोर मामा’ पुकारते थे)के आने तक मैं गाना रिकॉर्ड कर लेता हूं ताकि मामा उसे सुन लेंगे और उनके लिए गाना आसान हो जाएगा.
किशोर मामा ने कर दिया इनकार
फ्लाइट लेट होने के कारण किशोर कुमार काफी लेट मुंबई पहुंचे. जब वे रिकॉर्डिंग स्टूडियो पहुुंचे तो बप्पी लहरी ने उन्हें बताया कि गाना एक बार ऐसे ही रिकॉर्ड किया गया है, आप सुन लें ताकि आपके लिए आसानी हो जाएगी. किशोर दा ने जब गाना सुना तो वे काफी खुश हुए. उन्होंने बप्पी से कहा कि इतना अच्छा गाया है, यह गाना तुम्हारी आवाज में ही जाना चाहिए. बस, फिर ऐसा ही हुआ और बप्पी दा का सबसे हिट गाना दर्शकों के सामने आया और खूब हिट हुआ.
.
Tags: Bappi Lahiri, Kishore kumar, Mithun Chakraborty
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 05:30 IST









