गोलगप्पे नहीं खिलाया तो दबंगों ने रेस्टोरेंट में मचाया उत्पात, संचालक से की जमकर मारपीट

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अभिषेक माथुर/हापुड़. उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दबंग युवकों के द्वारा रेस्टोरेंट में मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. नगर कोतवाली क्षेत्र के फ्रीगंज रोड पर स्थित कमल डोसा रेस्टोरेंट में ग्राहकों और दुकानदार के बीच जमकर मारपीट हुई. इस घटना में दो से तीन लोग घायल हो गये. घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराना पड़ा है.

दरअसल, यह पूरा विवाद बंद हो चुके रेस्टोरेंट में गोलगप्पे खाने को लेकर हुआ. बताया जाता है कि संचालक सार्थक शर्मा बीती रात लगभग साढ़े 11 बजे रेस्टोरेंट बंद कर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे. तभी चार से पांच युवक रेस्टोरेंट में घुस आये और उन्होंने गोलगप्पे खाने के लिए जिद की. सार्थक शर्मा ने जब रेस्टोरेंट बंद होने का हवाला दिया, तो उक्त युवक गाली-गलौज पर उतर आये. रेस्टोरेंट संचालक के द्वारा विरोध करने पर युवकों ने मारपीट करनी शुरू कर दी.

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

आरोप है कि दबंग युवकों ने अपने चार-पांच अन्य साथियों को भी बुला लिया और संचालक सार्थक शर्मा की जमकर पिटाई की. इसके अलावा, उन्होंने रेस्टोरेंट में भी जमकर तोड़फोड़ की. मारपीट और तोड़फोड़ की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है. घायल रेस्टोरेंट संचालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस, जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी

पीड़ित सार्थक शर्मा ने थाने में सन्नी उर्फ डमरू निवासी सुभाष नगर, आर्यन त्यागी निवासी ओम विहार आवास विकास कॉलोनी, रोहित कुमार उर्फ रोहित जाटव उर्फ छोटा डॉन निवासी कोटला मेवतियान बुलंदशहर रोड, प्रिंस शर्मा उर्फ गोलू निवासी बालाजी मंदिर दिल्ली रोड सहित चार-पांच अज्ञात युवकों के साथ धारदार हथियार व लोहे का पंच लेकर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने जांच-पड़ताल कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.

Tags: Crime news of up, Hapur News, Local18, Up news in hindi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें