
अनुज गौतम/सागर: एमपी के सबसे बड़े नौरादेही अभ्यारण में 20 साल की मादा भालू की मौत हो गई. शहद खाते समय पेड़ से गिरने की वजह से प्राथमिक तौर पर चोट लगने की वजह से उसकी मौत होना बताया जा रहा है. वन विभाग द्वारा हाथी बुलाकर इसे बचाने के भरपूर प्रयास किए गए थे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.
नौरादेही अभ्यारण के सिंहपुर रेंज के ऑफिसर सौरभ जैन के मुताबिक, रात में पीपला के जंगल में गश्त कर रहे थे तो उन्हें भालू घिसटते हुई हालत में सड़क पार करते हुए दिखाई दिया था, रात होने की वजह से उनके पास नहीं गए. लेकिन सुबह होते ही उन्होंने वन अमले को भेजा वहां पर उसके रेंगने के निशान पाए गए.
वहीं पर झाड़ियों में भालू बैठा हुआ था. किसी की हिम्मत उसके पास जाने की नहीं हो रही थी. इसके बाद नौरादेही रेंज से दो हाथियों का दल बुलाया गया, एक्सपर्ट भी वहां पर पहुंचे हाथियों के पहुंचने के बाद पहले उसे पाइप के सहारे पानी पिलाया गया. फिर झाड़ियों की साफ-सफाई कर उसके पास तक कुछ लोग पहुंचे.
भालू का हुआ पोस्टमार्टम
मादा भालू का इलाज के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम को सूचित किया था. टीम रवाना होने वाली थी कि इधर भालू ने दम तोड़ दिया. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे जिनकी मौजूदगी में पंचनामा कर भालू की मौत की असल वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया और उसका सैंपल जबलपुर भेजा गया है. वहीं इसके बाद मादा भालू का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. रेंज अधिकारी सौरव जैन ने बताया कि घायल बालू को बचाने के लिए भरपूर प्रयास किए गए लेकिन अंत उसे बचाया नहीं जा सका.
.
Tags: Bear, Local18, Sagar news, Wildlife news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 18:21 IST








