परमाणु कार्यक्रम से लेकर सैन्य जानकारियां तक… डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बाथरूम-स्टोर रूम में छिपाए थे सीक्रेट दस्तावेज

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मियामी. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने सियासी करियर की सबसे मुश्किल परीक्षा से गुजर रहे हैं. ट्रंप के निजी आवास से मिले गोपनीय दस्तावेज से जुड़े आरोपों से जुड़े अभियोग को सार्वजनिक कर दिया गया है. इसमें उनके खिलाफ 37 आरोप लगाए गए हैं, जिनमें राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों को जानबूझकर अपने पास रखने, इसे लेकर झूठे बयान देने और गोपनीय दस्तावेज अपने पास होने की बात छिपाने तथा न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं.

अमेरिकी इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति पर इस तरह के गंभीर संघीय आरोप लगाए गए हैं. ट्रंप के खिलाफ लगाए सबसे गंभीर आरोपों में 20 साल जेल तक की सजा हो सकती है. हालांकि इनमें सज़ा की मियाद न्यायाधीशों के विवेक पर निर्भर करता है और ऐसा कम ही देखा गया है कि किसी व्यक्ति को अपने पहले ही जुर्म में अधिकतम सज़ा सुनाई गई हैं. यहां ट्रंप के पूर्व राष्ट्रपति होना भी सजा की मियाद तय करने में एक प्रमुख फैक्टर साबित हो सकता है.

डोनाल्ड ट्रंप पर क्या-क्या आरोप
ट्रंप के खिलाफ दायर 49 पन्नों के आरोपपत्र में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने ये दस्तावेज अपने बाथरूम, बॉलरूम, शावर की जगह पर, ऑफिस, स्टोर रूम और बेडरूम में छिपाए थे. अभियोजकों ने यह भी कहा कि पूर्व राष्ट्रपति ने संघीय एजेंसी एफबीआई की जांच में बाधा डालने के लिए अपने वकीलों को फाइलें छिपाने या नष्ट करने का आदेश दिया

इस मामले में ट्रंप के एक सहयोगी वॉल्ट नौटा को सह आरोपी बनाया गया है और उनके खिलाफ 6 अभियोग लगाए गए हैं. अभियोग के अनुसार, ट्रंप ने अपने वकील नौटा से एफबीआई और ग्रैंड ज्यूरी की नजरों से छुपाते हुए गोपनीय दस्तावेजों के इन बक्सों को वापस रखने को कहा था.

21 टॉप सीक्रेट और 9 सीक्रेट दस्तावेज ले गए घर
इस अभियोग में ट्रंप पर आरोप लगाया गया है कि वह व्हाइट हाउस से अनुचित तरीके से गोपनीय दस्तावेजों के कई बक्से मार-ए-लागो स्थित अपने घर ले गए. इन दस्तावेजों में गोपनीय जानकारियां थीं. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोप पत्र में बताया गया है कि एफबीआई ने पिछले साल डोनाल्ड ट्रंप के पास से 337 सरकारी दस्तावेज बरामद किए थे. इनमें से 21 दस्तावेजों पर टॉप सीक्रेट लिखा हुआ था. वहीं 9 दस्तावेजों पर सीक्रेट लिखा हुआ था.

टॉप सिक्रेट दस्तावेजों में जहां बेहद संवेदनशील जानकारियां होती हैं, जिसतक कुछ सीमित लोगों की ही पहुंच होती है. वहीं सिक्रेट श्रेणी में उन दस्तावेजों को रखा जाता है, जिनके लीक होने पर राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा पहुंचने की आशंका होती है.

दस्तावेज़ों में थी परमाणु कार्यक्रम और सैन्य जानकारी
डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने जो गोपनीय दस्तावेज अपने घर में छिपाई थीं, उनमें अमेरिका के परमाणु कार्यक्रमों और अमेरिका तथा अन्य देशों के बीच रक्षा और हथियारों की डील से जुड़ी जानकारियां थी. इसके अलावा एक दस्तावेज में यह बताया गया था कि अमेरिका पर कोई हमला होने की स्थिति में उसका कैसा जवाब दिया जाएगा और मैदान-ए-जंग में अमेरिका तथा उसके सहयोगियों की क्या-क्या कमजोरियां हैं.

Tags: America News, Donald Trump, FBI

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें