
रिपोर्ट- रंगेश सिंह
सोनभद्र. यूपी के सोनभद्र में एक बड़ी घटना हुई है. घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बभनी गांव में शादी की रस्म के दौरान मगरमच्छ के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन में रिश्तेदारों के सूझबूझ से महिला को मगरमछ से छुड़ाकर 108 एम्बुलेंस से घोरावल सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि तीन सप्ताह पहले भी गांव के युवक रामा आसरे के पैर को नहाने के दौरान मगरमच्छ ने जकड़ लिया था, किसी तरह से उसकी जान बच गई थी.
जानकारी के अनुसार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बभनी गांव निवासी रामबली के पुत्र का विवाह बुधवार को हुआ था. शुक्रवार को मांगलिक रस्म चौथी के लिए दोपहर में परिवार के लोग गांव के कठहवा नदी के किनारे गए हुए थे. स्नान के बाद महिलाएं बाहर निकल रही थी उसी दौरान नदी में मौजूद एक मगरमच्छ ने दूल्हे की बुआ शिवकुमारी पर हमला कर दिया. मगरमच्छ ने उनके दाहिने हाथ को अपनी चपेट में ले लिया था.
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर पास में ही काम कर रहे मजदूरों व ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर मगरमच्छ के चंगुल से महिला को छुड़ाया गया. घायल महिला को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी घोरावल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया. घटना की जानकारी वन कार्यालय को भी दी गई.
वन क्षेत्राधिकारी सुरजू प्रसाद अस्पताल पहुंचे और महिला को प्राथमिक उपचार के लिए 1000 रुपये सहायता राशि दी. सरजू प्रसाद ने बताया कि महिला की हालत गंभीर है इस लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है. सरकार के द्वारा जो भी आर्थिक मदद होगी, महिला के इलाज के लिए दी जाएगी.
.
Tags: Crocodile, Sonbhadra News, UP news
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 15:54 IST









