
IND vs AUS 4th Day Live WTC 2023 final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल इंग्लैंड के द ओवल मैदान में खेला जा रहा है. मैच में कंगारू टीम का अब तक पलड़ा भारी रहा है. आज शनिवार को चौथा दिन दोनों ही टीमों के लिए अहम रहने वाला है. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 123 रन बना लिए थे. उसकी कुल बढ़त 296 रन की हो गई है. टेस्ट के नंबर-1 बल्लेबा मार्नस लैबुशेन 41 और ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन 7 रन बनाकर खेल रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 तो टीम इंडिया ने 296 रन बनाए थे.
मैच में अाज बारिश खलल डाल सकती है. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की नजर इस पर भी होगा ताकि समय खराब होने पर उसके गेंदबाजों को टीम इंडिया को ऑलआउट करने का पर्याप्त समय मिल सके. हालांकि मैच के लिए आईसीसी की ओर ससे 12 जून को रिजर्व-डे रखा गया है. यहां चौथी पारी में बल्लेबाजी आसान नहीं रहने वाली. कई गेंद ऊपर-नीच रह रही हैं. अजिंक्य रहाणे, मार्नस लैबुशेन और शार्दुल ठाकुर बाउंस के कारण चोटिल भी हुए. शुरुआत में टीम इंडिया को मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज से विकेट की उम्मीद होगी. सिराज ने अब तक प्रभावशाली गेंदबाजी की है.
कप्तान रोहित शर्मा, कोच राहुल द्रविड़ और पूरी टीम इंडिया आज मैच में जान लगाना चाहेगी. उसे 10 साल से आईसीसी ट्रॉफी नहीं मिली है, लेकिन टीम लगातार दूसरे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही है. पहले सीजन के फाइनल में कप्तान विराट कोहली थे. केन विलियम्सन की अगुआई वाली न्यूजीलैंड टीम ने भारत को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी थी. दूसरी ओर कंगारू टीम आईसीसी के चारों टाइटल जीतने वाली पहली टीम बनना चाहेगी. ऑस्ट्रेलिया को फाइनल के बाद 16 जून से इंग्लैंड में ही एशेज सीरीज के मुकाबले भी खेलने हैं.









