
हरदा. मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री के जिले हरदा में एक किसान ने आत्महत्या कर ली. परिवार का कहना है कि किसान कर्ज से परेशान था. साहूकार लगातार उसे तंग कर रहे थे. किसान की मौत पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने दुख जाहिर किया है. उन्होंने प्रदेश के किसानों से अपील की है कि थोड़ा सब्र रखें. 5 महीने बाद कांग्रेस की सरकार आते ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा.
हरदा के डगावाशंकर गांव में रहने वाले एक किसान राजेश करोड़े ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. किसान ने 7 जून को जहर खाया था. आज इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गयी. मृतक किसान के बेटे वीरेन्द्र ने बताया कि उनके पिता ने कर्ज से परेशान होकर जहर खाया था. पिता पर 30-40 लाख रुपये का कर्जा था. कर्जा साहूकारों से लिया था वसूली के लिए लेनदार घर आकर परेशान कर रहे थे. कर्ज चुकाने फ़ेर में 10 एकड़ जमीन बिक गयी थी.
पुलिस का बयान
पुलिस ने मामले मे जांच शुरू कर दी है. अस्पताल चौकी ASI संदीप कुशवाह ने बताया कि पुलिस को दिए ब्यान में मृतक किसान के बेटे वीरेंद्र ने बताया कि मृतक कर्ज़ से परेशान था. मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है. सिराली थाना पुलिस को जांच के लिए डायरी भेजेंगे.
पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया ट्विट
पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्विट कर मृतक किसान को श्रद्धांजलि दी है. कमलनाथ ने अपने ट्विट में लिखा- प्रदेश के हरदा जिले के डगावा शंकर गांव के किसान राजेश ने कर्ज से त्रस्त होकर 7 जून को सल्फास खा लिया था और आज उनका दुखद निधन हो गया. समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के अनुसार उनके ऊपर काफी कर्ज था. कर्ज चुकाने के दबाव में ही उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
कमलनाथ ने आगे लिखा-मैं मध्यप्रदेश के किसान भाइयों से यह भी कहना चाहता हूं कि वे कर्ज के बोझ से इस तरह हौसला ना हारें. 5 महीने किसी तरह इंतजार करें. प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही किसानों की कर्ज माफी की जाएगी और किसी किसान भाई को दुखी नहीं होने दिया जाएगा.
.
Tags: Farmer Suicide, Harda news, Madhya pradesh latest news
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 19:40 IST








