
नई दिल्ली: भांग को लेकर तरह-तरह के दावे किए जाते हैं. इसके औषधीय गुण और क्षमताओं का पता लगाने के लिए सरकार भी एक्टिव मोड में नजर आ रही है. यही वजह है कि केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने देश के वैज्ञानिकों से भांग के औषधीय क्षमताओं का पता लगाने की अपील की है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि वे भांग को लेकर शोध में तेजी लाएं और न्यूरोपैथी, कैंसर और मिर्गी के इलाज में इसकी औषधीय क्षमताओं का पता लगाएं.
दरअसल, जितेंद्र सिंह बीते गुरुवार को जम्मू में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद-भारतीय एकीकृत चिकित्सा संस्थान (सीएसआईआर-आईआईआईएम) द्वारा किए गए ‘कैनबिस रिसर्च प्रोजेक्ट’ (भांग अनुसंधान परियोजना) की समीक्षा संबंधी एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. इसी बैठक के दौरान उन्होंने वैज्ञानिकों से भांग पर शोध करने की अपील की.
मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह ‘भारत में अपनी तरह की पहली’ परियोजना है और इसमें ‘न्यूरोपैथी, कैंसर और मिर्गी के उपचार के लिए ऐसी दवा का उत्पादन’ करने की क्षमता है, जिसे निर्यात किया जा सके. उन्होंने कहा कि यह परियोजना जम्मू-कश्मीर में निवेश के बड़े अवसरों को प्रोत्साहन देगी.
.
Tags: Cannabis Farming, Jitendra Singh
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 15:09 IST








