
शाश्वत सिंह/झांसी. उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा (UP B.Ed JEE) 15 जून को आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा को आयोजित करवाने की जिम्मेदारी झांसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को दी गई है. बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं. अभ्यर्थी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर जाकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों के लिए जरूरी इंस्ट्रक्शन जारी कर दिए हैं. अभ्यर्थियों को परीक्षा देते समय इनका ध्यान जरूर रखना होगा.
परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र के साथ एक फोटो आईडी कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा. इसके बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा. पहली शिफ्ट की परीक्षा में परीक्षार्थियों से उनकी पासपोर्ट साइज फोटो जमा करवा ली जाएगी. परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होगी. हर गलत उत्तर के 1/3 अंक काटे जाएंगे. हर परीक्षार्थी का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवाया जाएगा. परीक्षा केंद्र पर 60 मिनट पहले और परीक्षा कक्ष में 15 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा. परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट के बाद पहुंचने वाले व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
सकुशल तरीके से करवाई जाएगी परीक्षा
परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले परीक्षार्थियों को क्वेश्चन पेपर और ओएमआर शीट दे दी जाएगी. लेकिन, कक्ष निरीक्षक के कहने पर ही वह उसे खोलेंगे. अगर क्वेश्चन पेपर या ओएमआर शीट में कोई त्रुटि पाई जाती है तो परीक्षार्थियों को इसकी जानकारी कक्ष निरीक्षक को देनी होगी. परीक्षा खत्म होने से पहले कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र से बाहर नहीं निकलेगा. बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि सभी जरूरी दिशा निर्देश दे दिए गए हैं. प्रवेश परीक्षा सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करवाई जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 09:37 IST








