हाइलाइट्स
पैशन प्लस को बीएस6 आने के बाद बंद कर दिया गया था.
अब कंपनी ने तीन साल बाद इसका नया मॉडल लॉन्च किया है.
मोटरसाइकिल को तीन नए रंगों में पेश किया गया है.
नई दिल्ली. हीरो मोटोकॉर्प अपनी किफायती और बेहतरीन माइलेज देने वाली बाइक्स के लिए जानी जाती है. कई दशकों से इंडियन मोटरसाइकिल के बाजार पर कंपनी की बाइक स्पलेंडर का कब्जा रहा है. अब कंपनी ने चुपचाप एक नई मोटरसाइकिल और लॉन्च कर दी है. 100 सीसी सेगमेंट में लॉन्च की गई इस मोटरसाइकिल ने जहां दूसरी कंपनियों की बाइक्स को चुनौती दी है, वहीं अब हीरो की खुद की ही हॉट सेलिंग बाइक स्पलेंडर पर खतरा मंडरा गया है.
हीरो मोटोकॉर्प ने 2020 में अपनी मोटरसाइकिल पैशन प्लस को बंद कर दिया था. कंपनी ने ऐसा बीएस 6 के मानकों के चलते किया था. लेकिन तीन साल बाद कंपनी ने एक बार फिर नई और बेहतर फीचर्स वाली Passion Plus को बजार में उतार दिया है. मोटरसाइकिल में कई तरह के बदलाव किए गए हैं और इसे ज्यादा माइलेज एफिशिएंट बनाया गया है. वहीं मोटरसाइकिल पर नए ग्राफिक्स दिए गए हैं और इसके डिजाइन में भी कुछ बदलाव किया गया है.
नए रंग और फीचर्स
हीरो मोटोकॉर्प ने मोटरसाइकिल को 75,131 रुपये एक्स शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है. हालांकि मोटरसाइकिल की बनावट में ज्यादा फर्क नहीं दिख रहा है लेकिन इस बार इसे नए ग्राफिक्स के साथ ही तीन नए रंग भी मिले हैं. अब आप पैशन प्लस को स्पोर्ट्स रेड, ब्लैक नक्सस ब्लू और ब्लैक हैवी ग्रे कलर में खरीद सकते हैं.

फीचर्स में भी बदलाव
कंपनी ने अब मोटरसाइकिल में टेलिस्कोपिक फ्रंट फॉर्क के साथ रियर डुअल स्प्रिंग लोडेड शॉक एब्जॉर्बर दिए हैं जो ट्रेडिशनल ही हैं. वहीं ब्रेकिंग की बात की जाए तो मोटरसाइकिल में ड्रम ब्रेक ही देखने को मिलते हैं.
100 सीसी इंजन
कंपनी ने मोटरसाइकिल में 97.2 सीसी का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन दिया है. ये इंजन 7.9 बीएचपी की पावर जनरेट करता है. हालांकि नई पैशन में गियर बॉक्स को नहीं बदला गया है और इसमें पुराना 4 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स ही दिया गया है. बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल का माइलेज 65 किलोमीटर प्रति लीटर से भी ज्यादा होगा. पैशन प्रो की टक्कर होंडा शाइन 100, टीवीएस रेडियन और बजाज प्लेटिना जैसी मोटरसाइकिलों से होगी. गौरतलब है कि होंडा ने कुछ ही समय पहले अपनी मोटरसाइकिल शाइन का 100 सीसी मॉडल लॉन्च किया है.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Hero motocorp
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 09:43 IST








