
मृत्युंजय कुमार/बोकारो. बोकारो की एक लड़की अपने प्रेमी के घर के सामने धरने पर बैठी है. लेकिन प्रेमी सहित पूरा परिवार घर पर ताला मारकर फरार है. लड़की प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी है. लड़की का कहना है कि युवक शादी का झांसा देकर चार साल तक प्रेम संबंध में रहा. इस दौरान लड़का उसके घर भी आता रहा. आरोप लगाया कि नवंबर 2022 से मार्च 2023 तक लड़के ने उसे अपने घर पर रखा. इसके बाद पूरे परिवार ने मिलकर उसे निकाल दिया.
दरअसल, मामला बोकारो के पेटरवार थानाक्षेत्र अंतर्गत खेरहो का है. जहां स्वर्गीय हेमलाल बास्की के छोटे बेटे लालधारी बास्की के इंतजार में पिपराटांड़ निवासी प्रेमिका बाहामुनी 72 घंटे से धरने पर बैठी है. लड़की का कहना है कि 5 माह से लड़का उसे अपने घर पर रखे हुए था. उसके बाद लड़के की मां व बड़े भाई उसे प्रताड़ित करने लगे. उसे घर से निकाल दिया गया. लड़का भी कहीं बाहर चला गया. उससे फोन पर भी बात नहीं हो पा रही है.
लड़की का रहना है कि वह न्याय की उम्मीद लेकर पेटरवार थाना भी गई थी. पुलिस ने लालधारी के बड़े भाई को थाने बुलाया और पूछताछ के बाद छोड़ दिया. फिर वह बेरमो महिला थाना भी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. जिसके बाद वह अपने प्रेमी को पाने के लिए धरने पर उसके घर के बाहर बैठी हुई है. उसका कहना कि जब तक घरवाले और उसका प्रेमी उसे अपना नहीं लेता, तब तक वह धरने पर बैठी रहेगी.
लड़की ने नहीं दर्ज कराया मामला
वहीं, पेटरवार थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पहले भी वह थाने पर चुकी थी. लड़के के बड़े भाई को बुला कर बात की गई, लेकिन लड़के के बड़े भाई का कहना है कि रखना छोटे भाई को है, इसमें हम कुछ नहीं कर सकते. लड़के का मोबाइल बंद है. ऐसे में लड़की को बेरमो महिला थाने में मामला दर्ज कराने के लिए कहा गया है. लेकिन वह मामला दर्ज करने को तैयार नहीं है. उसका कहना है कि हम उसके साथ रहना चाहते हैं, लेकिन बिना कानूनी प्रक्रिया के यह संभव नहीं हो पा रहा है.
.
Tags: Bokaro news, Crime News, Girlfriend, Protest
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 22:28 IST








