
अनूप पासवान/कोरबा. बालको थाना अंतर्गत भेलवाटिकरा गांव के एक युवक की मानसिक स्थिति अचानक बिगड़ गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया. बालको नगर पुलिस ने एक स्थान से उसका शव बरामद किया. इस मामले में 174 सीआरपीसी के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करने के साथ पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल युवक की मौत को लेकर कोई कारण स्पष्ट नहीं हो सका है.
कोरबा जिले के बालको थाना अंतर्गत भेलवाटिकरा में निवास करने वाला 23 वर्षीय तुलाराम रोजगार के सिलसिले में जांजगीर से कोरबा जिले के बालकोनगर आया हुआ था. रूमगरा में वह अपनी बहन विशाखा के पास रह रहा था. इस बीच उसे काम भी मिल गया था और बालको में रहने वाले कुछ युवकों के साथ खरसिया में काम करने गया हुआ था. खरसिया में तबीयत बिगड़ने पर उसके दोस्तों ने उसे बस बैठा दिया और वह वापस बालको दीदी के घर पहुंच गया. जहां घर पहुंचते ही वह अजीबो-गरीब हरकत करने लगा.
हालत बिगड़ने पर बहन ने कराया था झाड़-फूंक
विशाखा ने बताया कि इस दौरान उसकी स्थिति बिगड़ गई. उपचार के बजाय हमने उसकी झाड़फूंक कराई. मृतक के बहन विशाखा ने बताया कि जब वह घर पहुंचा तो अजीबो-गरीब हरकत करने लगा फोन को कान पर रखकर अकेले बात करता था. कई बार मोहल्ले में बाहर निकल कर चिल्लाने लगता था. उसकी इस हरकत को देखते हुए बहन विशाखा ने बालको में ही रहने वाले एक बैगा के घर ले जाकर झाड़-फूंक कराया और वापस घर आ गए.
नहर के पास तैरती मिली थी लाश
रात को अचानक 2 बजे बहन विशाखा उठ कर देखी तो उसका भाई बिस्तर पर नहीं था. सुबह खोजबीन करने पर उसकी लाश नहर के पास तैरती हुई मिली. सूचना मिलने पर बालको पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की. पुलिस ने मौत को संदिग्ध मौत से जुड़ा मानते हुए मुकदमा दर्ज कायम किया है और जांच कर रही है.
.
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 21:22 IST








