
नई दिल्ली: पाकिस्तान की चर्चित काराकोरम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में एक छात्र और छात्रा के एक साथ डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद पाकिस्तानी प्रशासन ने एक छात्रा समेत 9 छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए है. जिसमें कॉलेज से निष्कासन के साथ-साथ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जा सकता है. साथ ही यूनिवर्सिटी में लड़के और लड़कियों के जोड़ों के तौर पर बैठने पर भी रोक लगा दी गई है. इसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या पाकिस्तान में भी शिक्षा को लेकर तालिबानी फरमान काम करने लगे हैं.
पाकिस्तान की गिलगिट-बाल्टिस्तान स्थित काराकोरम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कैंपस का एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक छात्र और छात्रा कैंपस के अंदर डांस कर रहे हैं. अमूमन यह माना जाता है कि जिस कॉलेज में छात्र और छात्राओं की को-एजुकेशन होती है वहां इस तरह के डांस होते रहते हैं. लेकिन पाकिस्तान की इस यूनिवर्सिटी ने वीडियो जारी होने के बाद मामले में शामिल 9 छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू किए जाने के निर्देश दिए हैं. जिसके पहले चरण में उनके माता-पिता को विश्वविद्यालय बुलाया गया है.
डांस का वीडियो टिक टॉक बनाया
इस यूनिवर्सिटी के अतिरिक्त रजिस्ट्रार प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 9 छात्रों को इसलिए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है. उन्होंने डांस का वीडियो टिक टॉक बनाया है जो पूरी तरह से अनैतिक है. इसके साथ ही इस फरमान में कहा गया है कि अब इस यूनिवर्सिटी के मेन कैंपस या उससे जुड़े किसी भी सब कैंपस में छात्र और छात्रा एक साथ विभिन्न कोनों पर बैठे पाए गए तो वह भी पूरी तरह से अनैतिक माना जाएगा और इसका अंजाम उन्हें कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई के तौर पर भुगतना होगा. जिसमें कॉलेज से निष्कासन से लेकर आपराधिक मुकदमा तक दर्ज कराया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- गरीबी में आटा गीला: पहले खजाना खत्म और अब हथियार… 250 फाइटर जेट हुए कबाड़, चीन के सामने कंगाल पाक ने फैलाए हाथ!
एक छात्रा समेत 9 छात्रों को निलंबित किया
यूनिवर्सिटी के इस आदेश में कहा गया है कि कॉलेज के सुरक्षा निदेशक तथा अन्य शिक्षक इस बात पर पूरी तरह से निगरानी रखें कि कॉलेज के कैंपस में इस तरह की अनैतिक बैठक एवं डांस आदि के वीडियो ना बनने पाए. यदि कोई ऐसा करता पाया जाए तो तत्काल यूनिवर्सिटी प्रशासन को सूचित किया जाए. इन 9 छात्रों को जिसमें एक छात्रा भी शामिल है तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है.
एग्जाम का रिजल्ट रोकने के आदेश
उनके बारे में कालेज प्रशासन को कहा गया है कि वे कॉलेज के अंदर प्रवेश न कर पाए. उनके लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम को जब्त कर लिया जाए. उनके द्वारा दिए गए किसी भी एग्जाम का रिजल्ट तत्काल प्रभाव से रोक लिया जाए. साथ ही उन्हें कक्षा में बैठने की अनुमति किसी भी हालत में ना दी जाए. इस तरह के सभी मामले छात्र अनुशासनात्मक कमेटी को तत्काल भेजे जाएं जिससे उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सके.
इन 9 छात्रों को अपने अभिभावकों को कॉलेज भेजने को कहा गया है जिससे उन्हें उनकी हरकतों के बारे में बता कर आगे की कार्रवाई के बारे में बताया जा सके. यूनिवर्सिटी द्वारा जारी इस फरमान को तालिबानी फरमान बताते हुए वहां के सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या पाकिस्तान की इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में भी तालिबानी फरमान जारी होंगे.
.
Tags: Pakistan news, Taliban, University
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 17:49 IST








