कौशांबी जिले में मस्जिद से रात को लाउडस्पीकर उतरवाने गए पुलिस वालों ने एक युवक को हिरासत में लेकर चौकी लाए। आरोप है कि चौकी में युवक की जमकर पिटाई की गई। और इसके बाद चौकी से ही उसको छोड़ दिया गया। युवक ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक कौशांबी से की है।
घटना कोखराज थाना क्षेत्र के दरवेशपुर गांव की है। जहां पर लाउडस्पीकर को धीमी आवाज में कर के अजान दी जाती थी। इसकी जानकारी भरवारी चौकी पुलिस को हुई तो बीती रात वह दरवेशपुर गांव स्थित मस्जिद पहुंच गए। पुलिस के लोगों ने मस्जिद के अंदर लगे लाउडस्पीकर को खोलकर अपने सरकारी चीज में रख लिया। तभी वहां पर मौजूद लोगों ने सिपाहियों को मस्जिद में जूते पहनकर जाने का विरोध किया। इस बात से नाराज पुलिस वालों ने मौके पर मौजूद रहे जुनेद बाबू को हिरासत में लेते हुए सरकारी जीप में बैठाकर चौकी लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां पर जुनैद के साथ थर्ड डिग्री टॉर्चर का इस्तेमाल किया गया। जुनेद के साथ मारपीट करने के बाद पुलिस वालों ने उसके साथ मारपीट नहीं होने का जबरन एक वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया। चौकी से छूटने के बाद जुनेद को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर जुनैद का इलाज किया गया। इसके बाद परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर जुनैद ने मारपीट करने वाले पुलिस वालों की शिकायत की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कौशांबी बृजेश कुमार सिंह ने कार्यवाही का आश्वासन दिया है। हालांकि उन्होंने मीडियाकर्मियों से इस मामले पर कुछ भी बात करने से इंकार कर दिया। तो वही इस बात से नाराज दरवेशपुर के लोगों ने वीडियो वायरल कर इंसाफ की गुहार लगाई है।








