
मुंबई: दिल्ली के श्रद्धा वॉकर हत्याकांड की तरह मुंबई के मीरा रोड में हुए वारदात ने शहर को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक 36 वर्षीय महिला को उसके लिव-इन-पार्टनर ने कथित तौर पर मार डाला और शव को ‘कई टुकड़ों’ में काट दिया. पुलिस के मुताबिक फ्लैट से 13 शरीर के अंग पाए गए, जिसमें पैर भी शामिल हैं. आरोपी ने शव के अन्य हिस्सों को कई टुकड़ों में काटकर नष्ट कर दिया. आरोपी मनोज साने (56) को बुधवार शाम को उसके किराए के अपार्टमेंट से भागने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया. वह पिछले तीन वर्षों से गीता नगर फेज 7 में गीता आकाश दीप बिल्डिंग के जे विंग के फ्लैट नंबर 704 में पीड़िता सरस्वती वैद्य के साथ रह रहा था.
मुंबई के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जयंत बजबाले के मुताबिक, अपार्टमेंट के निवासियों ने बुधवार शाम करीब 7 बजे नयानगर पुलिस थाने में शिकायत की थी कि फ्लैट नंबर 704 से दुर्गंध आ रही है. जब पुलिस मीरा रोड अपार्टमेंट पहुंची, तो मनोज साने ने दरवाजा खोला. उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस सूत्रों ने कमरे के अंदर के दृश्य का जो वर्णन किया वह रूह कंपाने वाला है. उन्होंने बताया, ‘कमरे के अंदर फर्श पर पेड़ काटने वाली आरी पड़ी हुई थी. बिस्तर पर काले रंग की प्लास्टिक शीट बिछी थी. फर्श पर खून बिखरा हुआ था और महिला के बाल पड़े थे. किचन में 3 बाल्टियों में शव के टुकड़े भरकर रखे हुए थे. इतनी दुर्गंध आ रही थी कि वहां खड़ा होना संभव नहीं था. कमरे में एयर फ्रेशनर की कई बोतलें रखी हुई थीं.’
पुलिस के मुताबिक मनोज साने ने पछतावे का कोई संकेत नहीं दिखाया. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार शाम को कहा, ‘हम उसके खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में हैं. अपार्टमेंट से नमूने और सबूत इकट्ठा करने के लिए एक फोरेंसिक टीम को बुलाया गया था.’ अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि मनोज और सरस्वती किसी से घुलते मिलते नहीं थे. उन्होंने पुलिस को बताया कि मनोज साने को पिछले दो-तीन दिनों में इलाके में आवारा कुत्तों को खाना खिलाते देखा गया था- कुछ ऐसा जो उसने पहले कभी नहीं किया. पुलिस को संदेह है कि उसने शव के टुकड़ों को
कुत्तों को खिलाने की कोशिश की हो. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता के शव के टुकड़ों को प्रेशर कुकर में उबाला था, जिससे उन्हें ठिकाने लगाने में आसानी हो सके.
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी ने शरीर के अंगों को नाले में बहाया था. कपल के फ्लैट के दरवाजे पर नेम प्लेट नहीं था और यह सोनम बिल्डर्स के नाम से रजिस्टर्ड है. पुलिस को संदेह है कि हत्या 4 जून को हुई होगी. इस घटना और पिछले साल देश को स्तब्ध कर देने वाले श्रद्धा वॉकर हत्याकांड में काफी समानताएं हैं. श्रद्धा, एक 27 वर्षीय कॉल सेंटर कर्मचारी थी, जिसे उसके लिव-इन पार्टनर आफताब पूनावाला ने गला घोंट दिया था, और उसके शरीर को 35 टुकड़ों में काटकर फ्रिज में स्टोर कर दिया था. वह 18 दिनों तक जंगल में उन टुकड़ों को फेंकता रहा. उसने श्रद्धा की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को जला दिया था. इस हत्याकांड का खुलासा वारदात के 6 महीने बाद हुआ था, जब श्रद्धा वॉकर के पिता ने महीनों तक उससे संपर्क करने में विफल रहने के बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. आफताब पूनावाला को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
.
Tags: Crime News, Live in Relationship, Mumbai Crime News
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 14:34 IST








