
बूंदी. राजस्थान के बूंदी जिले के हिंडोली थाना क्षेत्र के पिपराला गांव से बच्चे की पीट-पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि फूफा ने पीट-पीट कर 13 वर्षीय मासूम की हत्या कर दी. आरोपी इसके बाद मामले को रफा-दफा करने के लिए झूठी कहानी बुनते हुए जल्द से जल्द अंतिम संस्कार करवाना चाहता था, लेकिन इस दौरान पिता को बच्चे के शरीर पर चोट के निशान दिख गए. घटना के बाद पीड़ित पिता ने आरोपी फूफा के विरुद्द हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है.
दरअसल बच्चा अपने फूफा से मोबाइल में गेम खेलने की जिद कर रहा था, जिस पर फूफा ने उसे इस कदर मारा की उसकी मौत हो गई. मौत के बाद आरोपी फूफा द्वारा मासूम के शव को बच्चे के गांव ले जाकर उसका अंतिम संस्कार करवाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे के शरीर पर चोट के निशान होने से पीड़ित परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार करने की बजाय घटना की हिंडोली थाना पुलिस को सूचना देकर शव को पीएम के लिए हिण्डोली लेकर आए.
कोटा हादसा: पहले एक मजदूर 25 फीट गहरे सीवरेज में उतरा था, वापस नहीं लौटा तो 3 और लोग नीचे गए, लौटा सिर्फ एक
बचपन से बुआ के पास रहता था विकास
जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय मासूम विकास सालों से पिपराला गांव में अपने फूफा रमेश मीणा के पास रह कर पढ़ाई कर रहा था. इस दौरान मासूम द्वारा शरारत करने और मोबाइल पर गेम खेलने की जिद करने पर आरोपी फूफा द्वारा उसकी डंडों से इस कदर पिटाई की गई, जिसमें उसकी जान ही चली गई. इसके बाद आरोपी फूफा द्वारा घटना को रफा-दफा करने के लिए मासूम के शव को लेकर बच्चे के गांव पहुच कर जल्द से जल्द बच्चे के शव का अंतिम संस्कार करवाने का प्रयास कर रहा था.
पिता को दिखे शरीर पर चोट के निशान
बच्चे का अंतिम संस्कार करने के दौरान पीड़ित पिता दुर्गालाल मीणा को मासूम के शरीर पर चोटों के निशान नजर आए. इसके बाद बच्चे के माता-पिता द्वारा घटना की जानकारी हिंडोली थाना पुलिस को दी गई और शव को पीएम के लिए हिंडोली लेकर आया गया. इसके बाद हरकत में आई हिंडोली थाना पुलिस ने मासूम के शव का मेडिकल बोर्ड से पीएम करवा कर शव परिजनों को सुपूर्द करते हुए हत्या के आरोपी फूफा रमेश मीणा को डिटेन कर उससे घटना के सबंध में पूछताछ शुरु कर दी है.








