
मगरमच्छ का नाम आ जाए तो ज्यादातर लोग यही सोचेंगे कि एक खूंखार जानवर, जिसके करीब कभी नहीं जाना चाहिए. क्योंकि यह कब आपको निवाला बना ले, कहा नहीं जा सकता. मगरमच्छ को दुनिया के सबसे घातक शिकारियों में से एक माना जाता है. एक बार शिकार इनके चंगुल में आ जाए तो फिर बचकर नहीं जा सकता. लेकिन दुनिया में एक जगह ऐसी भी है, जहां इन्हें पवित्र माना जाता है. पूजा की जाती है. विश्वास करना मुश्किल है, लेकिन कहा जाता है कि इन मगरमच्छों में पूर्वजों की आत्माएं बसती हैं.
हम बात कर रहे अफ्रीकी देश घाना की. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यहां के पागा कस्बे में एक तालाब है, जिसमें 100 से ज्यादा मगरमच्छ हैं. इनमें से कई की उम्र तो 80 साल तक है. स्थानीय लोगों के अनुसार-पूर्वजों की आत्माएं इन मगरमच्छों में बसती हैं. अगर इन्हें जगाना होता है तो सिर्फ एक जिंदा मुर्गा इनके सामने रखना होता है, यानी पूजा करनी होती है. हैरानी की बात है कि यहां के लोग इन मगरमच्छों के साथ ही रहते हैं. इनके बीच रिश्ता कोई एक या दो साल का नहीं बल्कि 600 साल पुराना है. मगरमच्छ इंसानों के साथ परिवार के सदस्य की तरह रहते हैं. वे खुले वातावरण में घूमते हैं और तालाब में तैरते रहते हैं.
हर परिवार के अपने मगरमच्छ
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मगरमच्छ से बात करो तो वह ध्यान से सुनते हैं. अगर चल रहे हों और आप लेट जाने को कहें तो लेट जाएगा. कहीं जा रहा हो और आप पुकारें तो तुरंत रुक जाएगा. आगे नहीं जाएगा. हर परिवार के अपने मगरमच्छ हैं, और वे ही उनके पूर्वज माने जाते हैं. पियरे काबोर नाम के एक शख्स ने कहा-हम मगरमच्छों के आदी हो गए थे जब हम छोटे थे, उनके साथ पानी में तैरते रहते थे. सब मिलकर रहते हैं और हमारे बच्चों के साथ भी उनका दोस्ताना रिश्ता है.
बुर्किना फासो में भी आपको कुछ ऐसा दिखेगा
सिर्फ पागा ही नहीं, पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में भी आपको कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा. यहां के बाजउले नाम के एक गांव में तमाम मगरमच्छ आपको दिख जाएंगे. कहा जाता है कि 14वीं सदी से पहले इस गांव में कोई नहीं रहता था. तब सूखा चरम पर था. मगर एक दिन मगरमच्छों का समूह एक महिला को लेकर एक तालाब के पास पहुंच गया. यह तालाब छिपा हुआ था और इसमें खू पानी था. तब से यहां के लोगों को पानी मिलने लगा. आप जानकर हैरान होंगे कितनी भी गर्मी हो यह तालाब कभी सूखता नहीं. तभी से इन्हें अपना देवता माना जाता है.
.
Tags: Ajab Gajab news, Bizarre news, OMG News, Shocking news, Weird news
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 07:30 IST








