
कुंदन कुमार/गया. इन दिनों पूरा बिहार भीषण गर्मी की चपेट में है. गया जिला की बात करें तो यहां का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. ऐसे में आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है. लोग 10 बजे के बाद घरों से निकलना बंद कर दिए हैं. भीषण गर्मी में आम लोगों के साथ जानवर भी परेशान दिख रहे हैं. पहाड़ पर रहने वाले जंगली जानवरों को पानी के लिए काफी परेशानी हो रही है. ऐसे में स्थानीय लोगों ने जानवरों को पानी पिलाने का बीड़ा उठाया है.
बढ़ती गर्मी से डुंगेश्वरी पहाड़ के 3000 बंदरों की बढ़ी परेशानी
दरअसल, एक वीडियो सामने आया है जो जिले के मानपुर प्रखंड क्षेत्र के डुंगेश्वरी पहाड़ का बताया जा रहा है. यहां 3000 से अधिक की संख्या में बंदर रहते हैं, लेकिन इस गर्मी में पानी नहीं मिलने के कारण बंदर भी काफी परेशान हैं. बगल में फल्गु नदी भी है जो सूखा पड़ा हुआ है. ऐसे मे बंदरों के परेशानी को देखते हुए डुंगेश्वरी मंदिर के पुजारी चंदन कुमार पांडे इन बंदरों के लिए रोजाना पानी की व्यवस्था करते हैं, ताकि यह बंदर भी अपनी प्यास बुझा सके.
रोजाना 50 बाल्टी से बुझा रहें हैं प्यास
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बंदरकिस तरह एक बाल्टी में रखे पानी को पी रहे है.पानी पीने के बाद मौज मस्ती कर रहे हैं. मंदिर के पास नल लगा हुआ है और उसी नल से रोजाना 50 बाल्टी से अधिक पानी बंदरों के लिए एक जगह पर रख देते हैं. इसके बाद बारी-बारी से बंदर आते हैं और पानी पीकर चले जाते हैं. पानी पीने के दौरान बंदर आपस में लड़ते झगड़ते भी हैं.एक साथ तीन चार बंदर बाल्टी में मुंह लगाकर पानी पीते हैं.
डुंगेश्वरी बौद्ध और हिंदू धर्म से जुड़ी है पर्यटन स्थली
बता दें कि डुंगेश्वरी एक पर्यटन स्थल है और यह बौद्ध धर्म तथा हिंदु धर्म से जुडा जगह है. पर्यटन सीजन मे यहां रोजाना हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. लेकिन इन दिनों भीषण गर्मी के कारण पर्यटकों का आना-जाना भी लगभग बंद हो गया है.
यहां पहुंचते ही सबसे पहले आपको बंदर दिख जाएंगे. जिनके लिए पर्यटक खाने पीने का सामान लाते थे, लेकिन पर्यटको के नहीं आने से भी बंदरों का खाना पानी बंद हो गया है. ऐसे में इस भीषण गर्मी में आम आदमी के साथ-साथ जानवर भी परेशान है और पानी के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 23:07 IST








