सागर में चौराहे पर रिश्वत ले रहा था पटवारी, लोकायुक्त टीम के जाल में ऐसे फंसा

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अनुज गौतम/सागर: हाईवे किनारे चौराहे पर खड़े होकर धड़ल्ले से रिश्वत ले रहे एक पटवारी को सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने धर दबोचा है. पटवारी के द्वारा किसान से जमीन का सीमांकन कराने के एवज में 4000 रुपये की रिश्वत ली जा रही थी. किसान ने इसकी शिकायत पहले ही लोकायुक्त से की थी. शिकायत के बाद पटवारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया था.

जानकारी के अनुसार, सागर तहसील के अंतर्गत आने वाले पामाखेड़ी मौजा में पटवारी अवध श्रीवास्तव के पास किसान सुधीर पांडे 6 जून को अपनी जमीन का सीमांकन कराने के लिए प्रोसेस पूछने गया था. आरोप है कि पटवारी ने इसके लिए 5000 रुपये की डिमांड रख दी. कह दिया कि जब तक पैसे नहीं मिलेंगे, सीमांकन करने में परेशानी होगी.

जब किसान ने बात की तो उनके बीच 4000 रुपये का सौदा तय हो गया. किसान सुधीर पटवारी के कार्यालय से उठकर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचा और सारी स्थिति अधिकारियों को बताई. अधिकारियों ने किसान की शिकायत का सत्यापन किया जब शिकायत सही पाई गई तो उसे केमिकल वाले नोट दे दिए.

पटवारी के हाथ हो गए लाल
जब पटवारी ने बुधवार को हाईवे किनारे गांव के बाहर चौराहे पर सुधीर को बुलाया और पैसे लिए तो किसान ने टीम को इशारा कर दिया. टीम ने जब पटवारी की जेब चेक की तो वही केमिकल वाले नोट उसके पास से मिले. पटवारी के हाथ धुलवाए गए तो वे लाल हो गए. इसके बाद उसे पकड़कर मकरोनिया थाने लाया गया, जहां पर कार्रवाई की गई.

निरीक्षक का यह कहना
लोकायुक्त निरीक्षक मंजू सिंह ने बताया कि किसान द्वारा मंगलवार को कार्यालय आकर शिकायत की गई थी. शिकायत तस्दीक करने के बाद आज पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है. भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में इसके खिलाफ कार्रवाई की गई है. बता दें कि बुंदेलखंड में किसानों से रिश्वत लेने का यह पहला मामला नहीं है. इसके पहले भी कई अधिकारी कर्मचारी ट्रेप हो चुके हैं.

Tags: Bribe news, Lokayukta, Mp news, Sagar news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें