
सुनील रजक/शिवपुरी: कूनो नेशनल पार्क की सीमा पार करके शिवपुरी आई मादा चीता आशा ने पिछोर के शाजापुर क्षेत्र के जंगल में हिरण का शिकार किया है. इसके बाद वह खनियाधाना के जंगल में निकल गई है, क्योंकि वहां से चंदेरी की सीमा नजदीक है. आशंका जताई जा रही है कि जंगल के रास्ते आशा अशोकनगर के चंदेरी निकल सकती है.
पांच दिनों से कूनो की चीता आशा शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क और फिर सामान्य वन मंडल के जंगल में घूम रही है. सोमवार देर शाम चीता आशा ने हिरण का शिकार शाजापुर के पास जंगल में किया. जिसका पता मंगलवार को ट्रैकिंग टीम को लगा. क्योंकि आशा की मॉनिटरिंग करने वाली टीम भी लगातार उसके पीछे चल रही है तथा 5 दिन से शिवपुरी के जंगल में घूमते हुए खनियाधाना के जंगल में पहुंच गई है.
कूनो की सीमा पार करके पहले पवन चीता भी शिवपुरी में कई दिनों तक रुका. पवन पोहरी विधानसभा के बैराड़ क्षेत्र के गांव में 2 दिन रुकने के बाद शिवपुरी के सतनवाड़ा से होकर माधव नेशनल पार्क होता हुआ फोरलेन पार करके करैरा दिनारा से होकर झांसी की तरफ बढ़ रहा था, तभी उसे ट्रैक्यूलाइज किया गया. पवन के बाद अब आशा ने भी शिवपुरी में अधिक समय गुजारा है.
सीसीएफ उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि कूनो से आई आशा अभी शिवपुरी जिले के जंगलों में है. हमारी ट्रैकिंग टीम लगातार उसकी मॉनिटरिंग कर रही है. फिलहाल उसने झांसी वाला रूट नहीं पकड़ा है तो ट्रैक्यूलाइज करने की जरूरत नहीं है.
.
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 23:31 IST








