
सृजित अवस्थी/पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत ज़िले में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. यहां जिलेभर में आवारा कुत्तों के हमले में बीते सात दिनों के भीतर 800 से भी अधिक लोग घायल हो चुके हैं. लेकिन इनकी रोकथाम के लिए हाल फिलहाल नगर पालिका के पास कुछ भी पुख्ता इंतजाम नहीं है.
पीलीभीत जिले भर में आवारा पशुओं का आतंक व्याप्त है. एक ओर ग्रामीण अंचल में आवारा सांड किसानों की फसलों को तबाह कर रहे हैं. वहीं दूसरी ओर शहरी इलाकों और कस्बों के रिहायशी इलाकों में आवारा कुत्ते लोगों पर हमलावर हो रहे हैं. अगर पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के आंकड़ों को देखा जाए तो बीते 7 दिनों में 800 से भी अधिक लोग एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंचे हैं. वहीं इनमे से अधिकांश ऐसे हैं जो कुत्ते के हमले के बाद यहां पहुंचे हैं. वहीं अगर महीने भर के आंकड़ों को देखा जाए तो यह आंकड़ा 3 हज़ार के पार पहुंच गया है.
रेबीज होने का डर बढ़ा
शहर के न्यूरिया के तिगड़ी मोहल्ले में बीते एक सप्ताह से एक कुत्ते ने आतंक मचा रखा है. कुत्ते ने बीते सात दिनों में तकरीबन दर्जन भर लोगो को काटा है. ऐसे में लोगों को कुत्ते में रेबीज होने का डर भी सता रहा है.
नगरपालिका ने खड़े किए अपने हाथ
जब आवारा कुत्तों की रोकथाम को लेकर पीलीभीत नगरपालिका अध्यक्ष डॉक्टर आस्था अग्रवाल से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि वर्तमान में नगरपालिका के पास अन्य कई प्राथमिकताएं हैं. ऐसे में हाल फ़िलहाल इनकी रोकथाम के लिए कोई प्लान नहीं. लेकिन जल्द ही इस ओर ध्यान देकर पुख़्ता इंतज़ाम किए जाएंगे.
.
Tags: Pilibhit news, Uttar Pradesh News Hindi
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 20:57 IST








