
मनमोहन सेजू/ बाड़मेर. चिड़ी चोंच भर ले गई नदी न घटियो नीर, दान किए धन ना घटे कह गए दास कबीर! कबीर दास के इस दोहे को चरितार्थ किया है सीमांत बाड़मेर जिले के भामाशाहों ने. दरअसल एनीमिया एप्लास्टिक बीमारी से ग्रसित बिशाला की जेठी के लिए व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाकर मदद की गुहार की गई जिसके बाद भामाशाहों ने दिल खोलकर मदद की है जिससे अब जेठी का अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है.
छोटे-छोटे नेक काम किसी गरीब और वंचित व्यक्ति की जिदंगी की दिशा बदल देते हैं. न्यूज़18 टीम द्वारा की गई एक छोटी सी मदद एक ऐसी ही मिसाल साबित हुई. शायद टीम खुद नहीं जानती थी कि उनके द्वारा उठाया गया मदद का एक हाथ बिशाला निवासी जेठी और उसके परिवार के लिए इतने बड़े संबल का जरिया बन जाएगा. जानकारी के मुताबिक बाड़मेर शहर से 23 किलोमीटर दूर बिशाला गांव की जेठी मेघवाल को 200 यूनिट खून चढ़ाने के बावजूद बीमारी से निजात नहीं मिल रही. न ही इस परिवार के पास अब इसके इलाज के लिए फूटी कौड़ी है. 17 साल की जेठी एप्लास्टिक एनीमिया से जूझ रही है. इस बीमारी में शरीर में खून नहीं बनता और बार-बार मरीज को खून चढ़ाना पड़ता है.
फिलहाल जेठी का अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है. बीपीएल परिवार की बेबसी का आलम यह कि बचत बेटी के इलाज में लग चुकी है. अब तो कर्ज लाखों रुपये का हो चुका है. इस बच्ची के लिए न्यूज़-18 के ज़रिए लाखों की मदद पहुंचने लगी है. अब तक 4 लाख 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद हो चुकी है, लेकिन अभी भी मदद की दरकरार है.
जेठी के परिवार में इकलौता भाई कालूराम है जो मजदूरी कर गुजर बसर करता है. आप भी इस बच्ची के इलाज में मदद करना चाहते हैं तो जेठी के भाई कालूराम मेघवाल के फोन पे नम्बर 9358515442 पर मदद कर सकते हैं. अन्यथा राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक शाखा बिशाला में कालूराम पुत्र गुलाराम के खाता संख्या 11312433394 पर भी मदद भेज सकते हैं. आईएफएस कोड RMGB0000257 है.
जेठी के भाई कालूराम के मुताबिक न्यूज़-18 में खबर प्रसारित होने के बाद करीब 4 लाख रुपये की मदद मिली है. उन्होंने न्यूज़-18 टीम का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि न्यूज़-18 टीम ने बाड़मेर में सामाजिक सरोकार निभाया है. वहीं जेठी की मदद के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है, जिससे मदद की अपील की जा रही है. ग्रुप संचालक नरेंद्र बलासिया के मुताबिक जेठी की मदद के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसमें भामाशाहों को जोड़कर जेठी की मदद के लिए अपील की जा रही है.
.
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 19:04 IST








