
रितेश कुमार/समस्तीपुर. जिले का एक युवक इन दिनों काफी चर्चा में है. कभी ढरहा गांव के लोग इस युवक को शादी समारोह से भगा दिया करते थे. आज उस युवक की मुहिम की तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर रहे हैं. समस्तीपुर के राजेश कुमार सुमन अब ऑक्सीजन मैन के नाम से मशहूर हैं. वह अपनी मुहिम ऑक्सीजन बचाओ यात्रा कैंपेन को लेकर देशवासियों को ऑक्सीजन बचाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं.
बताया जाता है कि इनकी मुहिम का एक स्लोगन ‘आओ पेड़ लगाएं हम, सांसे हो रही हैं कम’ को वर्तमान में लोग घर में होने वाले समारोह या फिर शादी के कार्ड पर छपवा रहे हैं और एक दूसरे को पर्यावरण का संदेश दे रहे हैं.
पिता के ज्ञान के बाद पर्यावरण बचाने के लिए शुरू की मुहिम
राजेश कुमार सुमन को बचपन में उनके पिता ने बताया कि धरती पर 33 प्रतिशत वन होने चाहिए, जो कि मात्र 21 प्रतिशत ही हैं. उसी समय इनको लगा कि पर्यावरण के लिए कार्य करना चाहिए. इनके परिवार और गांव में मान्यता है कि किसी भी खास मौके पर घर का सबसे बड़ा बच्चा पौधा लगाए तो पौधा जल्दी बढ़ता है. इसलिए घर के सबसे बड़े बेटे होने के कारण ये जनेऊ, मुंडन ,जन्मदिन ऐसे मौकों पर पौधे लगाने लगे. इनकी रुचि भी इस कार्य में बढ़ने लगी और दूसरों के यहां शादी समारोहों में भी अब ये उपहार स्वरूप पौधा ही देने लगे.
पीठ पर ऑक्सीजन टैंक लेकर करते हैं जागरूक
राजेश कुमार सुमन ने बताया कि शुरुआती दौर में हम लोगों के घर शुभ कार्य में भाग लेने के लिए पहुंचते थे, तो गिफ्ट की जगह पौधा हुआ करता था. जिसे लोग देखकर मुझे भगा देते थे. यहां तक कि मुझे उस जगह पर भोजन भी नहीं करने देते थे. जिसके कारण मुझे काफी निराश भी होना पड़ा, लेकिन मैंने अपनी मुहिम को लगातार जारी रखा. वर्तमान में मैं अपनी पीठ पर ऑक्सीजन टैंक लेकर लोगों को लगातार जागरूक कर रहा हूं.आज मैंने 74000 किमी की यात्रा कर बेटियों के सम्मान में डेढ़ लाख से ज्यादा पौधे लगा चुका हूं.
अब कार्यक्रम में बनते हैं चीफ गेस्ट
राजेश कुमार सुमन बिहार के अलावा झारखंड, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के हजारों गांवों में पहुंच कर लोगों को पर्यावरण को लेकर जागरूक कर रहे हैं. इसी का नतीजा है कि जो लोग पहले शादी समारोह से ऑक्सीजन मैन को भगा दिया करते थे. उन्हें अब शादी समारोह हो या फिर अन्य कार्यक्रम चीफ गेस्ट के रुप में बुलाते हैं. उनके कार्य की अब पूरा देश तारीफ कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके कार्य की तारीफ की है. पीएम ने ट्वीट कर लोगों को उनके कार्य के बारे में बताया है.
.
Tags: Bihar News, Latest hindi news, Samastipur news
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 13:40 IST








