
जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर से बड़ी खबर सामने आई है. यहां मालगाड़ी के 2 वैग्न पटरी से उतर गए. इससे रेल विभाग में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. रेल अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना से ट्रेनों के आवागमन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है. ट्रेनों का परिचालन सामान्य तरीके से हो रहा है. मालगाड़ी के बेपटरी होने की सूचना मिलते ही आलाधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का मौका-मुआयना किया. बता दें कि ओडिशा के बालासोर में भीषण रेल हादसे के बाद रेल अधिकारी चौकस हैं. उन्हें जैसे ही मालगाड़ी के वैगन के पटरी से उतरने की सूचना मिली वे तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया.
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी की ओर से मालगाड़ी के दो वैगन के बेपटरी होने को लेकर सूचना दी गई. सीपीआरओ ने बताया कि जबलपुर के शाहपुर भिटोनी में मालगाड़ी के दो वैगन पटरी से उतर गए. मालगाड़ी LPG का रैक था. रैक की अनलोडिंग की जा रही थी, उसी दौरान दो वैगन पटरी से उतर गए. उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे मुख्य मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं हुआ है. ट्रेनों का परिचालन सामान्य तौर पर किया जा रहा है. मालगाड़ी के दो वैगन बेपटरी होने की घटना मंगलवार देर रात को हुई.








